Jharkhand News, Gumla News, Ranchi News, रांची/ गुमला : झारखंड के गुमला जिला अंतर्गत घाघरा प्रखंड के 2 युवक दुबई में अब भी फंसे हुए हैं. टूरिस्ट वीजा पर काम करने गये दोनों युवकों के पास अब काम नहीं है जिसके कारण भूखे- प्यासे दुबई की सड़कों पर भटकने को मजबूर हैं. वहीं, टूरिस्ट वीजा की अवधि 31 मार्च, 2021 को खत्म हो रही है.
झारखंड की पूर्व शिक्षा मंत्री गीताश्री उरांव गुमला के 2 युवकों के परिजनों के साथ सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात पर दुबई से जल्द सकुशल वापस लाने की अपील की है. दुबई में फंसे इन युवकों में गुमला जिले के घाघरा प्रखंड स्थित नवडीहा बरटोली गांव के सुनील भगत और डुको गांव के अजय उरांव हैं. झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में सीएम श्री सोरेन से पूर्व शिक्षा मंत्री गीताश्री उरांव ने मुलाकात कर इसकी पूरी जानकारी दी.
मौके पर सीएम श्री सोरेन ने कहा कि यह एक बहुत गंभीर मामला है. इस दिशा में विदेश मंत्रालय से संपर्क स्थापित कर इन दोनों युवकों को मुक्त कराकर वापस लाने के लिए सरकार सभी समुचित कदम उठायेगी.
Also Read: Jharkhand News : दुबई की सड़कों पर भटक रहे गुमला के दो मजदूर, खाने को हुए मोहताज, परिजनों ने जल्द वापस लाने की लगायी गुहार
उत्तर प्रदेश का एक व्यक्ति नौकरी का झांसा देकर भेजा था दुबई
पूर्व मंत्री गीताश्री उरांव ने सीएम को बताया कि उत्तर प्रदेश का रहने वाला मधुकर मिश्रा इस साल 28 जनवरी को इन दोनों युवकों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उन्हें घर से अपने साथ ले गया था और 7 फरवरी को टूरिस्ट वीजा से दुबई पहुंचाया था. इन दोनों युवकों से उसने नौकरी दिलाने के नाम पर डेढ़- डेढ़ लाख रुपये भी लिए थे, लेकिन वहां पहुंचने के बाद कुछ दिन काम करने के बाद उसे नौकरी से हटा दिया गया. इसके बाद से अब तक कहीं नौकरी नहीं मिली है.
31 मार्च को खत्म हो रहा है टूरिस्ट वीजा
सीएम श्री सोरेन को यह भी बताया गया कि इन दोनों युवकों का टूरिस्ट वीजा इस साल 31 मार्च को खत्म हो रहा है. इसके बाद इन युवकों का दुबई में प्रवास आपराधिक श्रेणी के अंतर्गत आ जायेगा. ऐसे में इन दोनों युवकों को मुक्त कराना बहुत जरूरी है. इस पर सीएम ने सरकार की ओर से त्वरित कदम उठाने की बात कही है. मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में बॉबी भगत के अलावा सुनील भगत की पत्नी फुलप्यारी देवी और जय उरांव की पत्नी केवरा उरांव भी शामिल थी.
बता दें कि इससे पहले दोनों युवक के परिजनों ने घाघरा थाना की पुलिस को भी आवेदन देकर सकुशल वापसी की गुहार लगा चुके हैं. युवकों के परिजनों ने बताया था कि अजय और सुनील दुबई में फंसे हुए हैं. काम नहीं होने के कारण खाने के भी लाले पड़ गये हैं. किसी तरह से युवकों ने अपने घर में फोन कर अपनी फरियाद सुनायी. इसके बाद से ही दोनों युवक के परिजन काफी परेशान हैं. इधर, सीएम से मुलाकात के बाद उनलोगों में कुछ आशा जगी है कि अब जल्द दोनों की सकुशल वापसी हो सकती है.
Also Read: ‘मेरी बेटी ने पूरे झारखंड का नाम रौशन किया है’ सुप्रीति की जीत पर मां ने कुछ यूं किया खुशी का इजहार
Posted By : Samir Ranjan.
