गुमला. पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय गुमला में बुधवार को संकुल स्तरीय दो दिवसीय कला उत्सव प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ. विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार शुक्ला ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया. रांची संकुल के अंतर्गत आने वाले 21 जवाहर नवोदय विद्यालयों के करीब 350 छात्र-छात्राएं और उनके मार्गदर्शक शिक्षक-शिक्षिकाएं इसमें भाग ले रहे हैं.
विभिन्न विधाओं में हो रही प्रतियोगिता
कला उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों की कलात्मक, रचनात्मक और सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच प्रदान करना है. प्रतियोगिता में एकल शास्त्रीय नृत्य, क्षेत्रीय समूह नृत्य, शास्त्रीय एवं लोक समूह नृत्य तथा समूह नाट्य समेत विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं.
प्राचार्य प्रदीप कुमार शुक्ला ने कहा कि कला उत्सव विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा को सामने लाने का सशक्त माध्यम है. इससे बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक समझ का विकास होता है. उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्साह के साथ प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रेरित किया.
तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए गुमला की विशेषज्ञ डॉ शीतल उरांव, जयंती डुंगडुंग और श्वेता किंडो को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया. प्राचार्य ने तीनों निर्णायकों को सम्मानित किया. इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां भी दीं. कार्यक्रम का संचालन संगीत शिक्षक दिग्विजय कुमार और विद्यालय के सीसीए विभाग के छात्र-छात्राओं की देखरेख में किया गया.
