गुमला: अच्छी शिक्षा और डिग्री हासिल करने के बाद अधिकांश युवाओं का सपना बेहतर नौकरी हासिल करना होता है. लेकिन गुमला के नेल्सन भगत ने अपने लिए अलग रास्ता चुना है. उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद नौकरी करने के बजाय उन्होंने समाज के युवाओं को आगे बढ़ाने और आदिवासी समाज को जागरूक करने के लिए अपना जीवन समर्पित किया है. वह शहर में लक्ष्य फिजिकल एकेडमी के माध्यम से युवाओं को सेना और पुलिस में भर्ती की तैयारी करा रहे हैं.
नेल्सन भगत ने अंग्रेजी विषय से स्नातक के साथ एमए और बीपीएड की पढ़ाई की है. वर्ष 2021 में उन्होंने लक्ष्य फिजिकल एकेडमी की शुरुआत की. इसका उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र के उन युवाओं को प्रशिक्षण देना था, जिनमें सेना और पुलिस में जाने का जज्बा है, लेकिन उचित मार्गदर्शन और प्रशिक्षण का अभाव है. आज एकेडमी में करीब 250 युवक-युवतियां सेना, पुलिस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं.
सुबह मैदान में पसीना, फिर पढ़ाई
एकेडमी में युवाओं को सुबह दौड़, व्यायाम और अन्य शारीरिक अभ्यास कराया जाता है. इसके बाद लिखित परीक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर भी जोर दिया जाता है. नेल्सन का मानना है कि सेना और पुलिस में भर्ती के लिए शारीरिक रूप से मजबूत होने के साथ लिखित परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करना भी जरूरी है. उनके साथ छह अन्य शिक्षक भी युवाओं को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दे रहे हैं. सेना और पुलिस के अलावा जेपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाती है.
कई युवा बन चुके हैं सैनिक
नेल्सन के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से कई युवा सेना में चयनित होकर देश की सेवा कर रहे हैं. उनके लिए युवाओं का चयन केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे समाज की उपलब्धि है. वह युवाओं को अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं.
रात में गांव-गांव जागरूकता अभियान
दिनभर एकेडमी में प्रशिक्षण देने के बाद नेल्सन रात में गांवों में जाकर बैठक और सभा करते हैं. वह आदिवासी समाज के लोगों को शिक्षा, अधिकार, सामाजिक एकजुटता और युवाओं को सही दिशा देने के प्रति जागरूक करते हैं. बच्चों को शिक्षा दिलाने और समाज में आपसी एकता बनाए रखने की अपील भी करते हैं.
सोशल मीडिया से भी जागरूकता
नेल्सन सोशल मीडिया के माध्यम से भी आदिवासी समाज से जुड़े विषयों को सामने रखते हैं. उनका मानना है कि सोशल मीडिया का सकारात्मक इस्तेमाल कर युवाओं और समाज के लोगों को जागरूक किया जा सकता है.
गुमला में नेल्सन भगत युवाओं को सेना और पुलिस की तैयारी कराने के साथ उन्हें आत्मविश्वास देने का काम कर रहे हैं. उनका प्रयास है कि ग्रामीण युवा अपने लक्ष्य को पहचानें और शिक्षा, मेहनत व अनुशासन के साथ आगे बढ़ें.
