पालकोट. गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत टेंगरिया गांव के कोनसलता टोली निवासी देवी महली ने अपनी 45 वर्षीय पत्नी देवंती देवी उर्फ बेली देवी पर धारदार हथियार और लात-घूसों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार, दोनों पति-पत्नी अपने ससुराल गुड़मा गये हुए थे.
बाजार से लौटते समय रिश्तेदार के घर रुके थे दंपती
बीते बुधवार को गोजा गांव के बाजार से लौटने के दौरान वे गोजा बेरी टोली स्थित अपने एक रिश्तेदार (मेहमान) के घर रुक गये थे. वहां किसी बात को लेकर दोनों दंपती के बीच आपसी विवाद हो गया, जिसके बाद गुस्साए पति देवी महली ने अपनी पत्नी देवंती देवी को लात-घूसों और धारदार हथियार से बुरी तरह पीटकर अधमरा कर दिया. घटना के बाद परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल देवंती देवी को इलाज के लिये पालकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कर रही जांच
इधर घटना की सूचना पालकोट थाना पुलिस को दी गयी, जिसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी व कानूनी प्रक्रिया पूरी की और अंत्यपरीक्षण के लिये गुमला भेज दिया. इस संबंध में पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज ने बताया कि पुलिस मामले का गहनता से अनुसंधान कर रही है. पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है, जिसे बहुत जल्द गिरफ्तार कर पुलिस के शिकंजे में ले लिया जाएगा.
