गुमला में शादी की खुशियां मातम में बदलीं: मड़वा से पहले युवती ने फंदे से झूलकर दी जान

Gumla Suicide Case: गुमला के बिशुनपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी की तैयारियों के बीच 24 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली. 29 अप्रैल को होने वाले विवाह से पहले इस आत्मघाती कदम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. मृतका की भाभी और स्थानीय मुखिया ने एक युवक पर फोन के जरिए प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

Gumla Suicide Case, गुमला (दुर्जय पासवान): गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सियार टोली गांव में एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. जिस घर में महज दो दिन बाद मड़वा की रस्म होनी थी और विवाह के मंगल गीत गूंजने वाले थे, वहां अब सन्नाटा और शोक का माहौल है. दुल्हन बनने की तैयारी कर रही 24 वर्षीय पूनम कुमारी ने मंगलवार सुबह अपने ही घर के आंगन में फंदे से झूलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. इस घटना ने परिजनों के अरमानों को आंसुओं में बदल दिया है.

तय हो चुकी थीं विवाह की रस्में

परिजनों के अनुसार, पूनम की शादी परसा बांसडीह निवासी देवेंद्र खेरवार के साथ तय हुई थी. वैवाहिक कार्यक्रम के अनुसार 26 अप्रैल को लगन, 28 अप्रैल को मड़वा और 29 अप्रैल को बारात आनी थी. घर में मेहमानों का आना शुरू हो गया था और शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं, लेकिन इस आत्मघाती कदम ने खुशियों के माहौल को मातम में तब्दील कर दिया.

Also Read: चतरा पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: लावालौंग में 24 लाख की अफीम और भारी मात्रा में डोडा जब्त

भाभी का गंभीर आरोप: युवक कर रहा था परेशान

मृतका की भाभी और सेरका पंचायत की मुखिया जयमंती कुमारी ने इस मामले में पुलिस के समक्ष चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि गांव का ही एक युवक पूनम को लगातार फोन कर परेशान कर रहा था. घटना वाले दिन भी सुबह दोनों के बीच बातचीत हुई थी. मुखिया का दावा है कि उक्त युवक की प्रताड़ना और मानसिक तनाव के कारण ही पूनम ने इतना बड़ा कदम उठाया. बताया जा रहा है कि युवक पिछले कुछ समय से युवती पर अनावश्यक दबाव बना रहा था.

पुलिस ने शुरू की गहन जांच

घटना की सूचना मिलते ही बिशुनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या और मानसिक प्रताड़ना से जुड़ा प्रतीत होता है. पुलिस ने मृतका का मोबाइल जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाली जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

मातम में डूबा सियार टोली गांव

मंगलवार सुबह करीब 5 बजे हुई इस घटना के बाद से ही सियार टोली गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. गांव के लोग स्तब्ध हैं कि जो लड़की कल तक अपनी शादी को लेकर उत्साहित थी, उसने अचानक मौत को गले क्यों लगा लिया. हर आंख नम है और लोग पुलिस से इस मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहे हैं.

Also Read: झारखंड हाईकोर्ट से अधिवक्ता महेश तिवारी को बड़ी राहत: वकालत लाइसेंस निलंबन के आदेश पर रोक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >