गुमला में 24 घंटे के भीतर 5 मौतें: कहीं मारपीट में गया बुजुर्ग का दम, तो कहीं नदी और कुएं ने ली जान

Gumla News Today: गुमला जिले के लिए पिछला 24 घंटा भारी रहा. मारपीट, आत्महत्या, डूबने और दुर्घटनाओं में 5 लोगों की जान चली गयी. जारी पुलिस ने वृद्ध की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.

गुमला, (दुर्जय पासवान): गुमला जिले में बीते 24 घंटे के भीतर अलग-अलग जगहों पर हुए पांच हादसों में पांच लोगों की मौत हो गयी. कहीं, मारपीट, कहीं आत्महत्या तो कहीं नदी में डूबने और दुर्घटनाओं में लोगों की जान चली गयी. इन घटनाओं से पूरे जिले में सनसनी फैल गयी है.

मारपीट में घायल वृद्ध की मौत, आरोपी गिरफ्तार

जारी थाना क्षेत्र के डेवीडीह गांव में मारपीट की घटना में 85 वर्षीय सदरक बेक की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार 13 फरवरी को गांव के तालाब के पास आरोपी इजिकील बाड़ा ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और लात-घूंसे से पिटाई कर दी थी. इस घटना में वृद्ध की कमर और हाथ की हड्डी टूट गयी थी. इलाज के दौरान मंगलवार शाम उनकी मौत हो गयी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है.

युवक ने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या

घाघरा थाना क्षेत्र के दोदांग गांव में सिकंदर उरांव नामक युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों के अनुसार देर रात वह अपने कमरे में सोने गया था. कुछ देर बाद कमरे के अंदर से आवाज आने पर परिजनों ने दरवाजा खुलवाया तो युवक छप्पर में लगे पाइप से फंदे के सहारे लटका मिला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Also Read: झारखंड की विधायक पूर्णिमा साहू ने सरकार को JTET मामले पर घेरा, कहा- 20 दिन के अंदर कैसी होगी परीक्षा?

नदी में नहाने गये व्यक्ति की डूबने से मौत

सिसई प्रखंड के पुसो थाना क्षेत्र के अरको महुआटोली गांव निवासी रूसवा उरांव (55) की नदी में डूबने से मौत हो गयी. वह सुबह नहाने के लिए गांव के पास बहने वाली आकरी नदी गया था. बाद में ग्रामीणों ने नदी में शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

बाड़ी में पटवन करते समय कुएं में गिरा किसान

बसिया थाना क्षेत्र के कलिगा गांव निवासी अमित सुरीन (30) की कुएं में गिरने से मौत हो गयी. बताया गया कि वह घर के पास स्थित कुएं से बाड़ी में पानी पटवन कर रहा था, तभी अचानक कुएं में गिर गया. ग्रामीणों ने उसे निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

इमली तोड़ते समय पेड़ से गिरकर युवक की मौत

बसिया थाना क्षेत्र के डोलंगसेरा गांव में तिनतुस टेटे (38) इमली तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा था. इसी दौरान डाल टूटने से वह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

Also Read: LPG की कमी से 1 लाख श्रमिकों की रोटी पर संकट, सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स ने PM मोदी को लिखा पत्र

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >