गुमला.भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के तहत प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज विसंगतियों के निराकरण, मतदाताओं के दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है. जिसके तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर नामित नोडल पदाधिकारियों की उपस्थिति में बीएलओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी-कर्मियों द्वारा प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक विशेष शिविर आयोजित किये जा रहे हैं. जिसमें मतदाताओं के दावों-आपत्तियों, नोटिस तामिला एवं आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है.
सिलम पंचायत भवन में लगा विशेष शिविर
इस निमित सोमवार को रायडीह प्रखंड अंतर्गत सिलम पंचायत भवन में विशेष शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में नोडल पदाधिकारी ललन कुमार रजक की उपस्थिति में प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक मतदाताओं से संबंधित मामलों की सुनवाई एवं आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया.
नोटिस पाने वालों ने जमा किये जरूरी दस्तावेज
शिविर के दौरान एसआईआर 2026 के तहत जारी किये गये नोटिसों का मतदाताओं को तामिला कराया गया. नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं द्वारा संबंधित दावों एवं आपत्तियों के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराये गये. प्राप्त दस्तावेजों एवं सत्यापन संबंधी कार्रवाई को निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन अपलोड किया जायेगा.
4 सितंबर तक दावे-आपत्तियां दर्ज करने का मौका
मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 05 अगस्त 2026 को किया गया है. प्रारूप प्रकाशन के पश्चात दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की अवधि 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक निर्धारित है. वहीं प्रकाशित मतदाता सूची में विसंगतियों एवं मानचित्रण नहीं होने से संबंधित मामलों में नोटिस निर्गत करने एवं सत्यापन की प्रक्रिया 05 अगस्त से 03 अक्टूबर 2026 तक चलेगी. प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण भी निर्धारित अवधि में किया जाना है. मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है.
गुमला की तीनों सीटों पर 2,11,373 नोटिस केस
जिला निर्वाचन कार्यालय गुमला से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर 2026 के तहत कुल 2,11,373 नोटिस केस चिह्नित किये गये हैं. जिसमें 67-सिसई विधानसभा क्षेत्र में 72,285, 68-गुमला विधानसभा क्षेत्र में 66,956 तथा 69-विशुनपुर विधानसभा क्षेत्र में 72,132 मामले शामिल हैं. इन मामलों से कुल 1,019 बूथ/भाग जुड़े हैं.
1.73 लाख से अधिक विसंगतियां चिह्नित
चिह्नित मामलों में 1,73,929 विसंगतियां, 29,698 नो मैपिंग तथा 7,746 लंबित सत्यापन (पेंडिंग डीएससी) के मामले शामिल हैं. इन मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उनका सत्यापन एवं ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है.
नोटिस मिला है तो शिविर में पहुंचें : उपायुक्त
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त गुमला दिलेश्वर महतो द्वारा मतदाताओं से अपील की गयी है कि जिन्हें एसआईआर 2026 के तहत नोटिस प्राप्त हुआ है, वे निर्धारित तिथि एवं समय पर संबंधित शिविर/सुनवाई स्थल पर उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करायें.
