गुमला में हाथी का कहर, घर ध्वस्त कर खेतों को भी पहुंचाया नुकसान

Gumla News: गुमला जिले में जंगली हाथी के उत्पात से दहशत फैल गई है. जंगल से गांव पहुंचे हाथी ने एक ग्रामीण के घर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट

Gumla News: झारखंड के गुमला जिला अंतर्गत भरनो प्रखंड के अमलीया और अम्बाटोली गांव में जंगली हाथी के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया. रात को जंगल से निकलकर गांव पहुंचे एक जंगली हाथी ने एक ग्रामीण के घर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. वहीं आसपास के खेतों में लगी सब्जी फसलों को भी रौंदकर नष्ट कर दिया. घटना के बाद प्रभावित परिवार वन विभाग से मदद और मुआवजे की मांग कर रहा है.  

मकान तोड़ा और खा गया चावल 

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते अमलीया जंगल की ओर से एक जंगली हाथी गांव में घुस आया. हाथी सीधे अम्बाटोली निवासी सुलेंद्र उरांव के घर पहुंचा और उनके मिट्टी के मकान को तोड़ना शुरू कर दिया. हाथी ने घर की दीवारों को क्षतिग्रस्त कर दिया. जिससे मकान का एक हिस्सा गिर गया. इस दौरान घर के अंदर रखा एक बोरा चावल हाथी खा गया. वहीं दीवार गिरने से घर में रखे बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान भी बर्बाद हो गए. घटना के समय सुलेंद्र उरांव किसी तरह जान बचाकर दूसरे कमरे में छिप गया. हाथी के गांव से निकल जाने के बाद ही वह बाहर निकला. ग्रामीणों ने बताया कि अगर समय रहते वह नहीं भागता तो बड़ी घटना हो सकती थी. 

दहशत में ग्रामीण 

घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं. ग्रामीणों के अनुसार हाथी ने गांव के आसपास किसानों के खेतों में लगी सब्जियों की फसल को भी नुकसान पहुंचाया है. हाथी के आतंक से किसान काफी परेशान हैं. ग्रामीणों ने बताया कि इस क्षेत्र में पिछले कई महीनों से जंगली हाथियों का लगातार आना-जाना लगा हुआ है. जिससे खेतों में लगी फसलें और ग्रामीणों के घर लगातार नुकसान की चपेट में आ रहे हैं. 

वन विभाग से मुआवजे की मांग 

इधर प्रभावित ग्रामीण सुलेंद्र उरांव ने वन विभाग से जल्द मुआवजा देने और हाथियों के आतंक से स्थायी समाधान निकालने की मांग की है. ग्रामीणों ने भी वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की है. 

वन विभाग ने ग्रामीणों को किया जागरूक

घटना की सूचना मिलने पर सोमवार को वन विभाग की टीम गांव पहुंची. वनरक्षी अकील अहमद ने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया और विभाग की ओर से उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. साथ ही वन विभाग द्वारा प्रभावित ग्रामीण को सुरक्षा के मद्देनजर टॉर्च लाइट और पटाखे भी कराए गए जिससे कि हाथियों को गांव से दूर भगाया जा सके. साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि हाथी के आने पर इसकी सूचना वन विभाग को दें. हाथी के साथ छेड़छाड़ न करें.

इसे भी पढ़ें: गुमला के कामडारा अस्पताल से गायब थीं डॉक्टर, इलाज के अभाव में एंबुलेंस चालक की मौत

इसे भी पढ़ें: रजरप्पा के छिन्नमस्तिका मंदिर से हटाए गए दुकानदारों के पुनर्वास पर हाईकोर्ट सख्त, दिए निर्देश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर कार्यरत हैं. कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. पिछले करीब दो महीनों से वे झारखंड बीट पर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं. इस दौरान वे राज्य से जुड़ी ताजा खबरों, लोगों से जुड़े मुद्दे और जरूरी जानकारियों पर आधारित स्टोरीज तैयार कर रही हैं. इससे पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर रोचक और उपयोगी आर्टिकल लिखे. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >