गुमला: गुमला में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर उपविकास आयुक्त गुमला अनिमेष रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक हुई. बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों, विभागवार दायित्वों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी.
मुख्य समारोह स्थल की साफ-सफाई, रंग-रोगन, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, मंच एवं बैठक व्यवस्था, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आमंत्रण पत्र, मीडिया समन्वय सहित अन्य तैयारियों की समीक्षा की गयी. उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है. इसलिए समारोह की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं गरिमामय तरीके से सुनिश्चित की जाएं. उन्होंने सभी विभागों को सौंपे गये दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया.
बैठक में स्वतंत्रता सेनानियों एवं झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों के सम्मान, विद्यालयों की सहभागिता, प्रभात फेरी, स्वच्छता अभियान तथा नागरिक एकादश एवं प्रशासन एकादश के बीच फुटबॉल मैच सहित विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर भी आवश्यक चर्चा की गयी.
ये भी देखें: पेंशन की आस में गुजार गई जिंदगी, जानें झारखंड आंदोलनकारी की दर्दनाक कहानी
ये भी देखें: खेत के रास्ते झारखंड विधानसभा पहुंचे आंदोलनकारी छात्र, माहौल तनावपूर्ण
