गुमला. गुमला प्रखंड के डुमरडीह एवं घटगांव पंचायत को जोड़ने वाली सड़क के बीच नेम्हा नाला पर पुलिया निर्माण की मांग को लेकर पूर्व जिला परिषद सदस्य हंदु भगत ने उपायुक्त को आवेदन सौंपा है. उन्होंने ग्रामीणों की आवागमन संबंधी समस्या को देखते हुए संबंधित विभाग को स्थल का निरीक्षण कर पुलिया निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है.
आवेदन में हंदु भगत ने बताया कि नेम्हा नाला पर पुलिया नहीं होने के कारण दोनों पंचायतों के ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. खासकर बरसात के दिनों में नाला में पानी का बहाव बढ़ जाने से ग्रामीणों के लिए रास्ता पार करना मुश्किल हो जाता है. इसका सीधा असर किसानों और राहगीरों पर पड़ता है.
उन्होंने कहा कि पुलिया के अभाव में किसानों को खेतों तक पहुंचने और कृषि कार्य करने में भी दिक्कत होती है. बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है. ऐसे में पुलिया का निर्माण होने से दोनों पंचायतों के ग्रामीणों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी. पूर्व जिप सदस्य ने उपायुक्त से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को स्थल निरीक्षण एवं पुलिया निर्माण के लिए आवश्यक निर्देश देने की मांग की है.
