गुमलाः उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अनिमेष रंजन ने बुधवार को गुमला सदर स्थित बिरसा मुंडा लाइब्रेरी, सावित्री बाई फुले लाइब्रेरी और साइंस सेंटर का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अध्ययनरत विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, उपलब्ध सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया.
डीडीसी ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम के लिए अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है. लाइब्रेरी में पढ़ाई करने वाले युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्णय लिया जायेगा. इसका उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को बेहतर और उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
प्रयोगों और मॉडलों से विज्ञान की समझ होगी मजबूत
साइंस सेंटर के निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने आवासीय सहित अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों का नियमित रूप से साइंस सेंटर भ्रमण कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विज्ञान को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय प्रयोगों और मॉडलों के माध्यम से समझाने से बच्चों की रुचि और समझ दोनों मजबूत होती हैं.
ये भी पढ़ें- इलाज कराने को लेकर हाई-वोल्टेज ड्रामा, डॉक्टरों की कमी से अस्पताल में बढ़ी परेशानी
ग्रामीण बच्चों को भी मिलेगा प्रयोगात्मक शिक्षा का अवसर
डीडीसी ने कहा कि विद्यालयों और साइंस सेंटर के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों के लिए एक्सपोजर विजिट की व्यवस्था की जायेगी. इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के बच्चे भी प्रयोगात्मक शिक्षा से जुड़ सकेंगे और विज्ञान को करीब से समझ पाएंगे.
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य विद्यार्थियों को उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का अधिकतम लाभ दिलाना है. पुस्तकालयों को पठन-पाठन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित करने के साथ साइंस सेंटर के माध्यम से बच्चों में 'क्यों और कैसे' जैसे वैज्ञानिक सवाल पूछने की प्रवृत्ति विकसित की जायेगी. इससे विद्यार्थियों में सीखने की जिज्ञासा बढ़ेगी और उनके बेहतर भविष्य की नींव मजबूत होगी.
ये भी पढ़ें- Ranchi में अब हटेगा अतिक्रमण, हर वार्ड में बनेगा वेंडर मार्केट, CM हेमंत सोरेन ने दिए निर्देश
