गुमलाः विद्यालयों में रसोईया-संयोजिका की समस्याओं के समाधान को लेकर अब आंदोलन को सीधे स्कूल स्तर तक ले जाने की तैयारी है. झारखंड प्रदेश विद्यालय रसोईया-संयोजिका अध्यक्ष संघ की जिला स्तरीय बैठक गुमला ब्लॉक परिसर में हुई. बैठक में रांची में 7 से 12 अगस्त तक चले धरना-प्रदर्शन की समीक्षा की गई. साथ ही संगठन को मजबूत करने और आगामी आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई.
जिस स्कूल में समस्या, वहीं होगा आंदोलन
जिला अध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष देवकी देवी ने कहा कि जिस विद्यालय में रसोईया-संयोजिका की समस्या होगी, संबंधित कर्मी उसी विद्यालय में बैठकर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर की समस्या के समाधान के लिए प्रत्येक संकुल से बारी-बारी से रसोईया-संयोजिका आंदोलन में शामिल होंगी.
ये भी पढ़ें- PNB के 1 करोड़ के लोन में गड़बड़ी का आरोप, मुकेश ट्रेडिंग के प्रोपराइटर पर केस
जिला स्तर की समस्या पर सभी प्रखंडों की भागीदारी
संघ ने तय किया कि जिला स्तर की समस्या होने पर सभी प्रखंडों से क्रमवार भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. बैठक में विद्यालय कमेटियों को मजबूत करने और प्रखंड स्तर पर सम्मेलन आयोजित करने पर भी जोर दिया गया. संघ ने कहा कि मांगों के समाधान के लिए आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा.
बैठक की अध्यक्षता देवकी देवी ने की, जबकि संचालन प्रखंड अध्यक्ष शोभा देवी ने किया. मौके पर प्रखंड सचिव बिनाईकी देवी, कोषाध्यक्ष सरस्वती देवी समेत बड़ी संख्या में रसोईया एवं संयोजिका उपस्थित थीं.
