गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
Gumla News: कांग्रेस पार्टी की दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल अंतर्गत रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा एवं सिमडेगा जिला की संयुक्त बैठक बाइपास रोड स्थित स्वर्णभूमि बैंक्वेट हॉल में आयोजित की गयी. अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि राजनील तिग्गा ने किया. बैठक में मुख्य रूप से कांग्रेस के प्रमंडल प्रभारी बंधु तिर्की, कृषि पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, प्रदेश सचिव अकील रहमान, प्रदेश सचिव रोशन बरवा, खूंटी जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा तथा प्रदेश संयोजक पीटर मुंडू उपस्थित रहे. अतिथियों का स्वागत बुके एवं अंगवस्त्र देकर किया गया.
संगठन सर्वोपरि है: बंधु तिर्की
बैठक में बंधु तिर्की ने कहा कि हाल ही में कई समितियों का गठन किया गया है और कैंपेनिंग कमेटी के तहत दक्षिणी छोटानागपुर की जिम्मेदारी उन्हें मिली है. उन्होंने कहा कि पांचों प्रमंडलों में यह पहली बैठक है और संगठन को मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. उन्होंने अनुपस्थित सांसदों, विधायकों एवं जिला अध्यक्षों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि संगठन सर्वोपरि है और जिम्मेदारी नहीं निभाने वालों की रिपोर्ट प्रदेश प्रभारी को भेजी जाएगी. बंधु तिर्की ने कहा कि अब केवल औपचारिकता से काम नहीं चलेगा. पार्टी के पदेन पदाधिकारी पार्टी के लिए समय दें. जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करें. उन्होंने पेशा कानून की चर्चा करते हुए कहा कि ग्रामसभा और पेशा कानून की जानकारी कार्यकर्ताओं को होना जरूरी है. पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ सड़क पर उतरने की जरूरत है. भाजपा और आरएसएस पर समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करना होगा. उन्होंने जिला अध्यक्षों को ज्वलंत समस्याओं की सूची बनाकर आंदोलनात्मक कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि संगठन में संवाद की कमी को दूर किया जायेगा और “परिक्रमा वाला नेता” बनने की प्रवृत्ति छोड़नी होगी.
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने क्या कहा?
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा है कि कम समय में बैठक आयोजित होना बंधु तिर्की की कर्मठता को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि संगठन और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है. एसआइआर अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 30 जून से अभियान शुरू होगा. जिसमें बीएलओ घर-घर जाकर कार्य करेंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने और लोगों की दस्तावेज संबंधी समस्याओं में मदद करने का आह्वान किया. उन्होंने आरोप लगाया कि एसआइआर भाजपा का बड़ा राजनीतिक हथियार बन सकता है और इसके माध्यम से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश हो सकती है. उन्होंने कहा कि हर विधानसभा में 20 से 30 हजार वोटरों की कटौती की आशंका है. इसलिए कार्यकर्ताओं को जागरूक रहना होगा. साथ ही उन्होंने सूखे की संभावना को देखते हुए किसानों के हित में काम करने पर जोर दिया. उन्होंने बताया कि 20 और 22 मई को कृषि कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा. गुमला जिले में मडुआ की खेती को बढ़ावा देने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि एक एकड़ मडुआ खेती पर किसानों को तीन हजार रुपये की सहायता दी जा रही है.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे कांग्रेस कार्यकर्ता
बैठक को मंचासीन अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के अनिरुद्ध चौबे, माणिक चंद साहू, मनीष हिंदुस्तान, जिला महासचिव संजीव मलानी, निशांत दूबे, सांसद प्रतिनिधि बसंत गुप्ता, नगर अध्यक्ष जय सिंह, रोहित विक्की, नेसार, सैय्यद खालिद, इकरामुल हक, एएच अख्तर, साहेब वसीम, सन्नी कुमार, अख्तर अली, साहेब वसीम, गुलाम सरवर, बैबुल अंसारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीता देवी, सिसई प्रमुख मीना देवी सहित पांचों जिला से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: Ranchi: कारोबारी पर फायरिंग कराने वाला गिरफ्तार, अनिल टाइगर हत्याकांड से भी जुड़ा नाम
यह भी पढ़ें: Ranchi: नियुक्ति के बाद भी स्टेट बार काउंसिल को देना होगा एडवोकेट का एनरोलमेंट सर्टिफिकेट
