आंजन टोल प्लाजा पर चेंबर का जोरदार प्रदर्शन

स्थानीय वाहनों से मनमानी टोल वसूली के विरोध में तीन घंटे जाम

गुमला. गुमला चेंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर शुक्रवार को रेड़वा स्थित आंजन टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों और व्यापारियों से कथित मनमानी टोल वसूली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन का नेतृत्व एफजेसीसीआइ के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सह नगर परिषद उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी और चेंबर अध्यक्ष राजेश लोहानी ने किया. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा प्रबंधन स्थानीय लोगों के साथ दुर्व्यवहार कर रहा है तथा नियमों के विरुद्ध मनमाने तरीके से टैक्स वसूला जा रहा है. रमेश कुमार चीनी ने कहा कि अन्य स्थानों की तरह यहां भी स्थानीय लोगों को रियायत मिलनी चाहिए और मनमानी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जायेगी. चेंबर अध्यक्ष राजेश लोहानी ने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करना चेंबर की जिम्मेदारी है. उन्होंने बताया कि पूर्व में कई बार टोल प्रबंधन से वार्ता की गयी, लेकिन सुधार नहीं होने के कारण आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा. प्रदर्शन के कारण करीब तीन घंटे तक टोल प्लाजा के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सिसई सीओ अशोक बड़ाइक, थाना प्रभारी नीरज कुमार और टोल मैनेजर चमन कुमार साहू ने चेंबर पदाधिकारियों के साथ लंबी वार्ता की. वार्ता के दौरान जाम में फंसे वाहनों को निशुल्क टोल पार कराया गया. प्रशासन और टोल एजेंसी ने दो दिनों के अंदर उच्च अधिकारियों से बातचीत कर स्थानीय निजी वाहनों को टोल से पूर्ण छूट देने का लिखित आश्वासन दिया. इसके बाद चेंबर ने प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा की. हालांकि, चेंबर पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि तय समय सीमा के भीतर उचित कार्रवाई नहीं होने पर फिर से उग्र आंदोलन किया जायेगा. मौके पर निवर्तमान अध्यक्ष राजेश सिंह, सचिव प्रणय कुमार, मीडिया प्रभारी मनीष केशरी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >