चार दिनों से लापता बंटी सकुशल बरामद
चार दिनों से लापता बंटी सकुशल बरामद
चैनपुर. चैनपुर पुलिस ने बीते चार दिनों से लापता बंटी साहू को सकुशल बरामद कर लिया है. पुलिस ने बंटी साहू को उसके परिजनों को सौंप दिया है. बेटे को सुरक्षित पाकर परिवार भावुक हो उठा. मां-बाप ने उसे गले लगा कर रोते हुए राहत की सांस ली. जानकारी के अनुसार घाघरा थाना क्षेत्र के नौनी गांव निवासी राजेश साहू का 13 वर्षीय पुत्र बंटी साहू चैनपुर के बुटबारी में अपने मौसा त्रिलोकी जायसवाल के यहां रहकर पढ़ाई करता है. बंटी बारवे उवि में कक्षा आठवीं का छात्र है. वह रोज की तरह बीते 28 अप्रैल को स्कूल गया था. लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटा. देर शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे और हरसंभव जगह उसकी तलाश की. लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद परिजनों ने थाना में बंटी के गुमशुदगी के संबंध में आवेदन दिया और खोजने की गुहार लगायी. इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए चैनपुर पुलिस सक्रिय हो गयी. पुलिस ने जिप सदस्य मेरी लकड़ा के साथ स्कूल पहुंच कर पूछताछ की और सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों से खोजबीन तेज कर दी. जांच के दौरान शनिवार सुबह बंटी का सुराग मिला. इसके बाद तत्परता दिखाते हुए थाना प्रभारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुमला स्थित गोपाल मंदिर के पास एक मालाकार की दुकान से बंटी को सकुशल बरामद किया और उसे चैनपुर लाकर परिजनों को थाने बुला कर सौंप दिया. पूछताछ में बंटी ने बताया कि वह स्कूल से छुट्टी के बाद एक साथी से कुछ किराये के पैसे लेकर बस से कुरूमगढ़ होते हुए गुमला चला गया था. वहां बस स्टैंड के पास कुछ लोगों की मदद से एक लॉज में रात बितायी और अगले दिन एक मालाकार की दुकान में काम करने लगा था.