दुर्जय पासवान
Gumla: गुमला में नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. शहर के मुरली बगीचा तालाब के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे गिरोह पर पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है. हालांकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गये. गिरफ्तार आरोपी के पास से 21.72 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा प्रतिबंधित पदार्थ बरामद किया गया है. मामले को लेकर गुमला थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. गिरफ्तार युवक की पहचान कुम्हार ढलान निवासी 23 वर्षीय नंदलाल साहू उर्फ डब्लू के रूप में हुई है.
पुलिस ने छापेमारी कर एक को पकड़ा
फरार आरोपियों में मेन रोड निवासी ऋषभ और कलिगा निवासी कुंदन का नाम सामने आया है. जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम करीब छह बजे गुमला थाना प्रभारी विनय कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि मुरली बगीचा तालाब के पास कुछ लोग ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे हैं. सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और सनहा दर्ज कर अनुमंडल पदाधिकारी से मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्ति की मांग की गयी. इसके बाद एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, अंचल अधिकारी हरिश कुमार, पुअनि कुंदन चौधरी और सशस्त्र बल के जवानों की संयुक्त छापेमारी टीम गठित की गयी.
फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी
टीम मुरली बगीचा तालाब पहुंची. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद तीनों युवक भागने लगे. जवानों ने दौड़ाकर एक युवक को पकड़ लिया. जबकि दो अन्य फरार हो गये. मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी पुअनि अखिलेश कुमार ठाकुर को सौंपी गयी है. पुलिस अब फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
ये भी पढ़ें…
गुमला: ग्रामीणों ने शिवालया कंपनी को चेताया, कहा- जबरन सड़क बनाई तो हाईकोर्ट जाएंगे
गुमला में गुलछर्रे उड़ा रहे थे एसआई मनोज पासवान, अश्लील वीडियो वायरल होने पर चले गए जेल
