गुमला में भारत माला सड़क का विरोध, सड़क पर बोया बीज, हल चलाया, तिरंगा झंडा गाड़ बैरिकेडिंग लगायी

गुमला जिले के लटठा बरटोली गांव में रविवार को ग्रामीणों ने भारतमाला सड़क निर्माण का विरोध किया.

दुर्जय पासवान, गुमला

गुमला जिले के लटठा बरटोली गांव में रविवार को ग्रामीणों ने भारतमाला सड़क निर्माण का विरोध किया. ग्रामीणों ने अपनी कृषि योग्य जमीन पर सड़क बनाने से रोक लगा दी और निर्माण स्थल पर पहुंचे वाहनों को खदेड़ दिया. विरोध जताने के लिए उन्होंने हल जोतकर धान का बिचड़ा छिड़क दिया और बैरिकेडिंग कर दी. महात्मा गांधी और स्वतंत्रता सेनानी जतरा टाना भगत के अनुयायी टाना भगतों ने बीच सड़क पर बैरिकेडिंग लगाकर तिरंगा झंडा भी फहराया.

ग्राम प्रधान टिबरू मुंडा ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने बिना मुआवजा दिये उनकी जमीन अधिग्रहित कर ली है. उनका कहना है कि सड़क सिलम गांव के रूट से बननी थी, लेकिन सरकार ने चंदाली से होते हुए लटठा बरटोली गांव से छत्तीसगढ़ तक सड़क बनाने का निर्णय लिया है. इससे सैकड़ों एकड़ खेती योग्य जमीन, जंगल और पहाड़ प्रभावित हो रहे हैं.

टाना भगत समाज के वृद्ध जीता टाना भगत ने कहा कि यह जमीन उनके पूर्वजों को 1800 ईस्वी में मिली थी. इसी जमीन से धान उपजता है और परिवार का जीविका चलता है. उन्होंने कहा कि धरती हमारी मां है और उस पर सड़क नहीं बनने देंगे. ग्रामीणों के विरोध के बाद फिलहाल उस स्थान पर निर्माण कार्य बंद है, हालांकि अन्य जगहों पर काम तेजी से जारी हैॉ ग्रामीणों की मांग है कि पहले उचित मुआवजा और वैकल्पिक व्यवस्था दी जाये, तभी विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH NATH

VIKASH NATH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >