बसंत कुमार की रिपोर्ट
बिशुनपुर (गुमला). झारखंड ग्रामीण बैंक की बनारी शाखा में जुलाई 2024 से सितंबर 2025 के बीच ग्राहकों के बचत खातों से कथित रूप से बिना अनुमति राशि निकासी का मामला सामने आया है. बैंक के शाखा प्रबंधक नीरज कुमार मिश्रा के आवेदन पर बिशुनपुर थाना में तत्कालीन कार्यालय सहायक अंकित राज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. बैंक प्रबंधन के अनुसार, आंतरिक जांच में कुछ ग्राहकों के खातों से बिना हस्ताक्षरित निकासी पत्र या चेक के राशि निकाले जाने की बात सामने आयी. क्षेत्रीय स्तर पर करायी गयी जांच में अब तक कुल 27 लाख 97 हजार 500 रुपये की कथित अनियमित निकासी सामने आने की जानकारी दी गयी है.
ग्राहकों के खातों में वापस की गयी राशि
बैंक के अनुसार, प्रभावित ग्राहकों के खातों में निकाली गयी राशि वापस कर दी गयी है. हालांकि, बैंक प्रबंधन ने यह भी बताया है कि जांच आगे बढ़ने पर कथित अनियमित निकासी की राशि में बढ़ोतरी हो सकती है. शाखा प्रबंधक ने पुलिस को दिये आवेदन में तत्कालीन कार्यालय सहायक अंकित राज के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र और धोखाधड़ी के आरोप में कार्रवाई करने का अनुरोध किया था.
ये भी पढ़ें: Gumla: 108 एंबुलेंस खराब, हादसे में घायल मरीजों को निजी वाहन से जाना पड़ा अस्पताल
पुलिस कर रही मामले की जांच
बिशुनपुर पुलिस ने बैंक प्रबंधन के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी अर्जुन कुमार यादव ने बताया कि बैंक प्रबंधक के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
