गुमला थाना में फिल्मी सीन: पुलिस को चकमा देकर भागने लगा चोर, पीछे दौड़ी पुलिस, गेट पर सादे ड्रेस वाले जवानों ने दबोचा

गुमला थाना परिसर में एक हैरान कर देने वाली घटना हुई, जहां चोरी का आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने की फिराक में था. वह थाना परिसर से निकलकर भागने में कामयाब भी होने लगा था, लेकिन तभी बाहर तैनात पुलिस जवानों ने उसे दबोच लिया.

गुमला. गुमला थाना परिसर में रविवार को चोरी का एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने लगा. आरोपी को भागता देख पुलिसकर्मी भी उसके पीछे दौड़ पड़े. कुछ देर तक थाना परिसर और आसपास का इलाका अफरा-तफरी का माहौल रहा. बताया गया कि उस समय थाना में एसआई टिकेंद्र कुमार की ड्यूटी थी. इसी दौरान चोरी का आरोपी थाना परिसर से निकलकर बड़े गेट की ओर तेजी से भागने लगा. आरोपी के पीछे पुलिसकर्मी भी दौड़े और उसे पकड़ने के लिए शोर मचाने लगे.

सादे कपड़ों में खड़े जवानों ने गेट पर दबोचा

संयोग से थाना के बाहर दो पुलिस जवान सादे कपड़ों में पहले से मौजूद थे. अंदर से "पकड़ो-पकड़ो" की आवाज सुनकर दोनों जवान सतर्क हो गए. उन्होंने गेट के पास ही आरोपी को पकड़ लिया. आरोपी के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली. अगर दोनों जवान मौके पर मौजूद नहीं होते तो आरोपी थाना परिसर से बाहर निकलकर भाग सकता था. घटना के बाद थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं.

वीडियो बना रहे पत्रकार से एसआई की बहस

घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक पत्रकार ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू कर दिया. आरोप है कि वीडियो बनाते देखकर एसआई टिकेंद्र कुमार पत्रकार पर नाराज हो गए. पत्रकार का आरोप है कि एसआई ने उसे थाना में प्रवेश नहीं करने देने की बात कही और वीडियो बनाने पर सवाल उठाया. पत्रकार के अनुसार, एसआई ने वर्दी का हवाला देते हुए कानूनी कार्रवाई की बात भी कही. इस दौरान पुलिस अधिकारी और पत्रकार के बीच हुई बातचीत मौके पर चर्चा का विषय बनी रही.

ये भी पढ़ें: गुमला में झोलाछाप डॉक्टर की इंजेक्शन से JMM नेता के भाई की मौत का आरोप, समाज में आक्रोश

थाना परिसर से आरोपी के भागने पर उठे सवाल

पुलिस की निगरानी में लाया गया आरोपी थाना परिसर से आखिर कैसे बाहर निकल गया, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं. घटना ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं. वहीं, घटनाक्रम को कैमरे में कैद करने वाले पत्रकार के साथ कथित व्यवहार को लेकर भी चर्चा हो रही है. मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर क्या कार्रवाई की गई, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दुर्जय पासवान

दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >