सचिव ने कहा
गुमला : जिला स्तर पर मनरेगा में सभी नियुक्तियों का अधिकार अब स्थानीय जिला प्रशासन को दे दिया गया है. यह जानकारी मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से दी.
उन्होंने गुमला जिले में संचालित योजनाओं की समीक्षा भी की. हर प्रखंड से तीन खराब कार्यशैली के कर्मचारियों को चिह्नित कर उसकी समीक्षा करते हुए उसपर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
सचिव के साथ उपस्थित प्रधान सचिव नागेंद्र नाथ सिन्हा व मनरेगा आयुक्त सिद्धार्थ त्रिपाठी ने 15 मई तक मनरेगा अंतर्गत निर्माणाधीन सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को पूर्ण करने को कहा. मनरेगा अंतर्गत सौ प्रतिशत डीबीटी लागू करने के लिए आधार, बैंक खाता का मैपिंग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया. जो रोजगार सेवक लगातार तीन सप्ताह तक प्रतिदिन के हिसाब से 100 मानव दिवस सृजित नहीं करते हैं, उन्हें कार्यमुक्त करने काे कहा.
रोजगार सेवकों का पैनल बना कर नये रोजगार सेवक की नियुक्ति तत्काल करने का आदेश दिया गया. डिले पेमेंट के मामलों को पांच दिनों के अंदर शून्य पर लाने व प्रत्येक टोला में इन योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए कहा. मौके पर उपविकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा, निदेशक नयनतारा केरकेट्टा व एपीओ रजनीकांत सहित सभी बीडीओ उपस्थित थे.
