नक्सल प्रभावित गांव रहा है पतिहारी व सारो
विशुनपुरा : विशुनपुरा थाना क्षेत्र के सारो व पतिहारी गांव में सोमवार की रात वरदी में आये अपराधियों के एक गिरोह द्वारा ग्रामीणों के साथ की गयी मारपीट व चेतावनी के बाद इस गांव सहित पूरे इलाके में दहशत देखा जा रहा है़ पिछले एक दशक से अधिक समय तक उग्रवाद से प्रभावित इस इलाके में पिछले काफी दिनों के बाद एक बार पुन: ग्रामीणों में भय देखा जा रहा है़
विदित हो कि पिछले कुछ वर्षों से इस इलाके में उग्रवादियों की सक्रियता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है़ इससे ग्रामीण धीरे-धीरे अपना सामान्य दिनचर्या में लग चुके हैं. लेकिन मंगलवार की शाम उग्रवादियों के नाम पर जिस तरह से आठ-दस की संख्या में आये हथियारबंद अपराधियों ने ग्रामीणों के साथ मारपीट करते हुए उन्हें चेतावनी दी, इससे एक बार पुन: इलाका अशांत बनता दिख रहा है़ गौरतलब है कि अपराधियों ने पहले पतिहारी गांव में जिप सदस्य नसीबा बीबी के पति ऐनुल हक की खोज करते हुए उसके घर पहुंचे थे़
जब ऐनुल हक नहीं मिला, तो अपराधियों ने उसके पोता औरंगजेब के साथ मारपीट करते हुए वहां से सारो गांव पहुंचे़ गांव में जो भी बाहर दिखा, अपराधियों ने सबके साथ मारपीट की और मंसूर अंसारी के घर तक गये़ मंसूर के घर पहुंचकर उसे पीटते हुए घर से अगवा किया था़ डेढ़ किमी तक बीरबांध के पास लाकर पुन: पिटाई करने के बाद छोड़ कर चले गये थे़ इस दौरान अपराधियों ने ग्रामीणों ने किसी भी तरह का विकास कार्य शुरू करने के पूर्व उन्हें उसका पीसी पहुंचाने अथवा हथियार खरीदकर देने की चेतावनी दे रखी है़
अपराधियों ने उन ग्रामीणों के साथ भी मारपीट की, जिनका किसी भी योजना से कोई लेना-देना नहीं था़ इस पर ग्रामीण काफी आश्चर्यचकित एवं भयभीत हैं. वे इस बात से आशंकित हैं कि अपराधी का यह गिरोह पुन: उनके इलाके में आ सकता है़ ये लोग नक्सली हैं अथवा पेशेवर अपराधी, इसका भी ग्रामीणों को पता नहीं चल पाया है़ लेकिन उनका कहना है कि यदि इन अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो यह इलाका पुन: अशांत हो जायेगा़
