पुलिस को सूचना देकर घर से मोटी रकम लेकर निकले.
सभी बैंक व एटीएम पर कड़ी नजर रखने का निर्देश.
गुमला : गुमला एसपी चंदन कुमार झा ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में पुलिस पदाधिकारियों के साथ अपराध की समीक्षा बैठक की.
एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिया. कालाधन पर पैनी नजर रखने के लिए कहा गया. कहीं से कोई सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए कहा गया. बड़े व्यापारी, ठेकेदार व अन्य लोगों से अपील की गयी है कि अगर आप मोटी रकम लेकर घर व दुकान से निकलते हैं, तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि सुरक्षा मुहैया करा कर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा सके. सभी थाना प्रभारियों को अपने -अपने क्षेत्र के बैंक व एटीएम पर नजर रखने के लिए कहा गया है. अब एटीएम में 500 व 2000 रुपये के नोट बैंक द्वारा डालना शुरू कर दिया गया है, इसलिए इंजीनियर जब एटीएम में पैसा डालने जायें, तो पुलिस सुरक्षा दें.
थानावार अपराध की समीक्षा की गयी. सभी थानेदारों को लंबित कांडों का निष्पादन करने के लिए कहा गया है. वहीं जिसका कुर्की जब्ती का वारंट जारी हुआ है, उस वारंट पर कार्रवाई करते हुए अपराधी व उग्रवादियों को पकड़ने का दिशा निर्देश दिया. एसपी ने कहा कि उग्रवादी व अपराधी के खिलाफ लगातार अभियान चलेगा. एसपी ने पिछले छह माह के अंदर 300 केसों के निष्पादन पर पुलिस पदाधिकारियों को बधाई देते हुए काम और अच्छा करने के लिए कहा.
