घाघरा. घाघरा थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में अपराधियों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया. थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित स्वर्ण व्यवसायी शशांक सोनी से करीब एक करोड़ रुपये से अधिक के सोने के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद लूट लिये गये. इस दुस्साहसिक घटना ने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. पीड़ित दुकानदार के पिता बलराम प्रसाद सोनी ने बताया कि शादी के सीजन को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कर्ज और उधारी लेकर सोना खरीदा था, ताकि व्यापार सुचारु रूप से चल सके. लूट के बाद अब परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने भावुक होकर बताया कि अपराधियों ने उनके बेटे पर फायरिंग भी की, लेकिन वह सुरक्षित बच गया. यही उनके लिए सबसे बड़ी राहत है. घटना के बाद से व्यवसायी के घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, पूरे बाजार और जिले के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है. घटना के दूसरे दिन एसडीपीओ सुरेश प्रसाद और इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की सघन तलाशी ली और सीसीटीवी फुटेज खंगाले. हालांकि थाना के पास स्थित संवेदनशील चारमुहाना क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले कैमरों की कमी जांच में बड़ी बाधा बन रही है. स्थानीय दुकानदारों द्वारा लगाये गये कैमरे रात के समय स्पष्ट फुटेज देने में सक्षम नहीं हैं. इस स्थिति को देखते हुए स्थानीय व्यापारियों ने जिला प्रशासन से पूरे बाजार में आधुनिक और उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी सिस्टम लगाने की मांग की है.
घाघरा थाना के पास करोड़ों की लूट से पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल
स्वर्ण व्यवसायी से एक करोड़ से अधिक के जेवरात और नकद लूटे
