कारोबार . गुमला के बैंकों में उमड़ी भीड़, सुरक्षा बढ़ायी गयी
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया गुमला ने 45 लाख रु बांटे.
अभी तक गुमला में 500 व 2000 रुपये का नया नोट नहीं आया है, इसलिए बैंकों ने पुराने 500 व 1000 रुपये के नोट के बदले 100-100 रुपये का नोट दिया है
गुमला : गुमला जिले के विभिन्न बैंकों ने गुरुवार को 100 के डेढ़ करोड़ रुपये के नोट बांटे हैं. सिर्फ स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा गुमला ने पांच बजे तक 45 लाख रुपये बांटे हैं. अभी तक गुमला में 500 व 2000 रुपये का नया नोट नहीं आया है, इसलिए बैंकों ने पुराने 500 व 1000 रुपये के नोट के बदले 100-100 रुपये का नोट दिया है. मार्केट में 100 रुपये का नोट आने के बाद बाजार की अर्थव्यवस्था कुछ सुधर गयी है. लोग अब अपने मनपसंद की चीजें बाजार से खरीद रहे हैं. हालांकि अभी भी 5000 रुपये से ऊपर के दाम की सामग्री की खरीद-बिक्री नहीं हो पा रही है.
गुमला के जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक एसडी घोषाल ने बताया कि गुमला जिले में बैंक ऑफ इंडिया की 20 शाखा है. इसके अलावा एसबीआइ व अन्य बैंक 24 है. एटीएम केंद्र 65 है. अभी तक 500 व 2000 रुपये का नया नोट बैंक को प्राप्त नहीं हुआ है. इस कारण बैंक से 100 रुपये का नोट दिया जा रहा है. 100 रुपये के भी बहुत कम नोट बैंकों के पास हैं. सभी बैंक अपनी क्षमता के अनुसार 500 व 1000 रुपये के नोट की बदली कर रहे हैं. ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
प्रशासन अलर्ट है : डीसी
डीसी श्रवण साय ने कहा : प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. लोगों को किसी प्रकार की परेशानी होने नहीं दी जायेगी. सभी बैंकों पर प्रशासन की नजर है. प्रखंडों के बैंकों में भी बीडीओ को विधि व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है.
कई दुकानों ने पुराने नोट नहीं ली
कई दुकानदारों ने गुरुवार को भी पुराने 500 व 1000 रुपये का नोट नहीं लिया, जिससे लोगों को परेशानी हुई. पालकोट प्रखंड के निर्झर पेट्रोल पंप गांधी नगर में सिर्फ खुदरा पैसे वालों के बीच पेट्रोल व डीजल की बिक्री की गयी. 500 व 1000 का नोट लेकर गये ग्राहकों को बैरंग लौटा दिया गया.
डीसी व एसपी ने बैंकों का जायजा लिया
डीसी श्रवण साय, एसपी चंदन कुमार झा व डीएसपी कपिंद्र उरांव गुरुवार को जैसे ही बैंक खुला, वहां पहुंचे और विधि व्यवस्था को देखा. सभी बैंकों में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. पुलिस पदाधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी व पुलिसकर्मी तैनात हैं. बैंक के अंदर बाहर पुलिस की कड़ी नजर है, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. डीसी व एसपी सबसे पहले पालकोट रोड स्थित एसबीआइ बैंक पहुंचे, जहां शाखा प्रबंधक रवि प्रकाश से पुराने 500 व 1000 रुपये के बदले नये नोट देने की व्यवस्था व बैंक में पैसा जमा करने की जानकारी ली. डीसी ने कहा कि लोगों को परेशानी न हो. इसके बाद अधिकारी मेन रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया पहुंचे, जहां शाखा प्रबंधक हेमंत कुमार से आवश्यक जानकारी ली.
बैंकों में सुरक्षा है : एसपी
एसपी चंदन कुमार झा ने कहा : सभी बैंकों में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है. शनिवार व रविवार को भी बैंक खुला है. लोग आराम से पैसा का लेनदेन बैंक से करें. किसी प्रकार की परेशानी होने नहीं देंगे.
35000 खाताधारी हैं : रवि
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया गुमला के शाखा प्रबंधन रवि प्रकाश ने कहा कि हमारे शाखा से 35 हजार खाताधारी जुड़े हुए हैं. बैंक से पैसा लेने-देने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए बैंक के कर्मी पूरी तैयारी के साथ काम कर रहे हैं. पैसा आराम से जमा करें.
