गुमला : झारखंड के विभिन्न जेलों में रिक्त सुरक्षाकर्मियों की बहाली शुक्रवार से शुरू हो गयी. गुमला जिले में सबसे अधिक भूतपूर्व सैनिक हैं. प्राथमिकता के तौर पर गुमला जेल में बहाली के तहत साक्षात्कार लिया जा रहा है. पहले दिन 50 भूतपूर्व सैनिकों ने बहाली में भाग लिया. सुबह 10 से शाम पांच बजे तक सभी भूतपूर्व सैनिकों का साक्षात्कार लिया गया. साक्षात्कार में जेल आइजी सुमन गुप्ता के अलावा होटवार जेल के चिकित्सक डॉ सत्येंद्र कुमार, होटवार जेल के निदेशक प्रशासन एके रोशन, होटवार जेल के अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, रिनपास के मनोविज्ञान कप्तान सिंह व गुमला जेल के अधीक्षक किशोर लकड़ा थे.
पहले पंजीयन हुआ. इसके बाद डॉक्टरों ने स्वास्थ्य की जांच की. फिर रिनपास के मनोविज्ञान ने अभ्यार्थी की जांच की. इसके बाद जेल आइजी व अन्य अधिकारियों ने बहाली में भाग लेने आये भूतपूर्व सैनिकों से जानकारी ली. जेल अधीक्षक किशोर लकड़ा ने बताया कि नौ जुलाई को भी भूतपूर्व सैनिकों का साक्षात्कार लिया जायेगा.
चयनित भूतपूर्व सैनिकों का प्रशिक्षण बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार, रांची में होगा. सभी चयनित भूतपूर्व सैनिकों से 15 जुलाई को होटवार जेल में उपस्थित होने के लिए कहा गया है. यहां एक महीने तक प्रशिक्षण होगा. निदेशक प्रशासन एके रोशन ने कहा कि गृह जिला में किसी भी भूतपूर्व सैनिकों की बहाली नहीं होगी. अगर कोई गुमला का भूतपूर्व सैनिक है, तो उसे बगल के जिला सिमडेगा, लोहरदगा व खूंटी में अनुबंध पर नौकरी करनी होगी. 15 हजार रुपये मानदेय होगा.
एक्स आर्मी पहले से प्रशिक्षित रहते हैं : जेल आइजी सुमन गुप्ता ने साक्षात्कार केंद्र का दौरा किया. उन्होंने कहा कि एक्स आर्मी को जेल की सुरक्षा के लिए चयन करने का मुख्य उद्देश्य यह है कि वे पहले से ही प्रशिक्षित रहते हैं. अपराधी, उग्रवादी व नक्सलियों को नियंत्रण करने में वे सक्षम हैं. उन्होंने कहा कि गुमला जिले में सबसे अधिक भूतपूर्व सैनिक हैं. प्राथमिकता के तौर पर गुमला जिले से सबसे ज्यादा भूतपूर्व सैनिक का चयन करना है. राज्य भर में 14 सौ कक्षपालों की नियुक्ति करनी है.
