बिशुनपुर : डीसी श्रवण साय व जिला जज एएन सिन्हा शुक्रवार को बिशुनपुर प्रखंड पहुंचे. यहां जेहनगुटुवा आवासीय स्कूल में नक्सलियों के चंगुल से मुक्त कराये गये बच्चों से मिले. बच्चों को मिलनी वाली सुविधाओं की जानकारी ली. टाना भगत आवासीय बालिका विद्यालय चापाटोली गये, जहां उन्होंने शिक्षक-शिक्षिकाओं से विद्यालय की समस्याओं की जानकारी ली़ शिक्षिकाओं द्वारा बताया गया कि विद्यालय में शौचालय की स्थिति खराब है.
24 में से मात्र दो शौचालय सही है. बाकी 22 खराब हो चुके हैं, जिसका उपयोग नहीं हो रहा है, जिससे बच्चों को परेशानी हो रही. विद्यालय में बिजली नहीं है. सोलर एवं ट्रांसफारमर की चोरी हो चुकी है. डीसी ने समस्या दूर करने का आश्वासन दिया. इसके बाद विकास भारती बिशुनपुर द्वारा संचालित जनजाति आवासीय बालिका विद्यालय जेहनगुटुवा का विस्तार पटल बिशनपुर पहुंचे. यहां विकास भारती के कोषाध्यक्ष महेंद्र भगत से विद्यालय की स्थिति के बारे में जानकारी ली़ महेंद्र भगत ने उपायुक्त को बताया कि विद्यालय में फिलहाल बच्चों को रखना शुरू किया गया है. धीरे-धीरे व्यवस्था ठीक कर ली जायेगी.
प्रारंभ में थोड़ी परेशानी हो रही है. वहीं डीसी व डीजे माओवादी के चंगुल से छुड़ाये गये बच्चों से भी मिले. उनका हौसला बढ़ाया. साथ ही उन्हें पढ़ लिख कर अच्छे व्यक्ति बनने की सलाह दी. बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. मौके पर डीएलसी सचिव श्री पांडेय, विकास भारती के अजीत उरांव, कल्याण पदाधिकारी गणेश महतो समेत कई लोग उपस्थित थे.
