नन बैकिंग कंपनी वेलफेयर में मैच्यूरिटी भुगतान एक वर्ष से लंबित होने से खाताधारी परेशान
गुमला : गुमला शहर के पालकोट रोड स्थित शकुंतला कांप्लेक्स में संचालित नन बैंकिंग कंपनी वेलफेयर प्राइवेट लिमिटेड में गुरुवार को खाताधारियों ने मेच्यूरिटी भुगतान नहीं होने पर हंगामा किया.
खाताधारियों ने कंपनी के शाखा प्रबंधक सुनील मिंज सहित अन्य कर्मियों को बंधक बनाया. सभी खाताधारी शाखा प्रबंधक से मेच्यूरिटी भुगतान की मांग कर रहे थे. हाई वोल्टेज ड्रामा दो घंटे तक चलता रहा. गुमला पुलिस को सूचना मिलने पर एसआइ धर्मवीर सिंह वेलफेयर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने शाखा प्रबंधक सुनील मिंज को मुक्त कराया. कंपनी के कागजात की जांच की.
जांचोपरांत एसआइ ने पैसा वितरण सही तरीके से नहीं होने के कारणों के संबंध में जानकारी ली. खाताधारियों से शिकायत सुनी. खाताधारी बबन सिंह, जगत सिंह, गिरधारी कंसारी, विनइकी देवी, कलेश्वर साहू, सुमन देवी व पवन कुमार ने बताया कि हमारा मेच्यूरिटी हुए एक वर्ष से अधिक हो गया है, लेकिन कंपनी के कार्यालय में कुछ एजेंट दलाल का काम कर रहे हैं. जितना पैसा आता है, वे सभी बैंक मैनेजर के साथ सांठगांठ कर पूरी राशि ले जाते हैं. दूर दराज से आये खाताधारियों को पैसा नहीं मिल पाता है.
एसआइ के समझाने के बाद खाताधारियों ने हंगामा बंद किया. बैंक मैनेजर को एसआइ ने कहा कि जितने खाताधारियों की मेच्यूरिटी हो गयी है और जितने लोग आज आये हैं, आप उनका नाम लिख कर सूचीबद्ध करें. साथ ही 15 जुलाई तक इन सभी लोगों का भुगतान करें.
