साहस: जहां लगती थी जनअदालत वहां लगाया जनता दरबार

साहस. भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता के गढ़ में जनता दरबार गुमला : बिशुनपुर प्रखंड के जमटी गांव में प्रशासन ने जनता दरबार लगाया. तीन महीना पहले तक जमटी गांव के जिस चबूतरा में नक्सली जन अदालत लगा कर अपना फैसला सुनाते थे. लोगों की समस्या सुनते थे. शनिवार को प्रशासन ने उसी चबूतरा पर […]

साहस. भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता के गढ़ में जनता दरबार
गुमला : बिशुनपुर प्रखंड के जमटी गांव में प्रशासन ने जनता दरबार लगाया. तीन महीना पहले तक जमटी गांव के जिस चबूतरा में नक्सली जन अदालत लगा कर अपना फैसला सुनाते थे. लोगों की समस्या सुनते थे. शनिवार को प्रशासन ने उसी चबूतरा पर जनता दरबार लगाया. लोगों की समस्या सुनीं.
डीसी श्रवण साय, एसपी चंदन झा, डीडीसी नागेंद्र कुमार सिन्हा, डीपीओ अरुण कुमार सहित जिले के कई वरीय अधिकारी के समक्ष लोगों ने खुल कर समस्याएं रखीं. सिंचाई व पीने के लिए पानी, इंदिरा आवास, राशन कार्ड, घाघरा नदी में पुल, जोरी से जमटी तक सड़क बनाने की मांग ग्रामीणों ने की. समस्या सुनने के बाद डीसी श्रवण साय ने कहा : बहुत लंबे समय से यह क्षेत्र उपेक्षित रहा है, लेकिन अब इस क्षेत्र की तकदीर व तसवीर बदलेगी. बनालात एक्शन प्लान के तहत काम चल रहा है. जमटी गांव विकास योजनाओं से जुड़ेगा. जनता की जो मांग है, वह पूरी होगी. उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि कुछ दिन और इंतजार करें. सड़क, पुल का टेंडर होते ही काम शुरू कर दिया जायेगा. लोगों की जरूरत के अनुसार उन्हें योजना का लाभ मिलेगा. एसपी चंदन झा ने कहा कि जमटी में हेलीपैड बनेगा. तीन दिन में इसे पूरा कर लिया जायेगा.
पुलिस का मकसद दूरस्थ गांव तक संपर्क स्थापित करना है. इसके लिए काम हो रहा है. जमटी की जो समस्या है, उसे दूर किया जायेगा. इस क्षेत्र को नक्सलियों से पूरी तरह मुक्त किया जायेगा. मौके पर डीडीसी एनके सिन्हा, डीपीओ अरुण कुमार, एएसपी पवन कुमार सिंह, डीएसओ शंकर मिश्र, डीएसइ एसडी तिग्गा, बीडीओ रवींद्र गुप्ता, पीएचइडी के इइ त्रिभुवन बैठा, एमआइ के इइ चंद्रनाथ झा, सार्जेट, थानेदार मणिलाल राणा, बिजली विभाग के इइ कुणाल किशोर, कृषि विभाग के अनिल कुमार सहित कई लोग थे.
30 ने इंदिरा आवास मांगा
गांव की किसमतिया देवी, कमलपति देवी, अंजलू कुम्हार, महेंद्र खेरवार, रमेश व अमनी देवी सहित 30 लोगों ने प्रशासन से इंदिरा आवास बनाने की मांग की है. इन लोगों ने कहा कि हमारे पास जमीन है, लेकिन जर्जर घर में रहते हैं. बरसात में घर गिर सकता है. डीसी ने बीडीओ से जरूरत के अनुसार घर बनाने के लिए कहा. 10 दिन के अंदर घर बनेगा.
96 का राशन कार्ड नहीं है
जमटी में 96 लोगों का राशन कार्ड नहीं बना है. इससे लोगों को राशन नहीं मिल पा रहा है. लोगों ने राशन कार्ड की मांग की. इसपर डीएसओ शंकर मिश्र ने कहा कि कुछ लोगों का कार्ड बना है, जिसे जल्द बांट दिया जायेगा. जिनका नहीं बना है, उन लोगों का नये सिरे से कार्ड बनेगा.
सिंचाई व्यवस्था करा दें
ग्रामीणों ने कहा कि इस क्षेत्र में सिंचाई योजना नहीं है. अगर सिंचाई योजना उपलब्ध हो जाये, तो सभी किसान खेतीबारी कर सकते हैं. डीसी ने एमआइ के इइ सीएन झा को योजना का निरीक्षण कर उसे बनवाने का निर्देश दिया. लोगों ने कहा कि जमटी के आबादी वाले टोले में चापानल नहीं है. इस गांव में 262 परिवार के लोग रहते हैं. पर जरूरत के अनुसार पानी नहीं मिलता है. इसपर पीएचइडी के इइ त्रिभुवन बैठा ने कहा कि सोलर सिस्टम से पानी सप्लाई की व्यवस्था की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >