प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष के निरीक्षण में मिली गड़बड़ी
भरनो : भरनो प्रखंड के बीस सूत्री अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने डुड़िया पंचायत में मनरेगा से बन रहे डोभा निर्माण की जांच की. यहां डोभा बना नहीं और फर्जी मस्टर रॉल बना कर फर्जी मजदूरों के खाते में पैसा जमा किया जा रहा है.
निरीक्षण के बाद श्री गुप्ता ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल संचयन भरनो में लूट खसोट में बदल गया है. यहां बिना डोभा बनाये पैसे की निकासी हो रही है. डुड़िया पंचायत में कई लाभुकों का डोभा का कार्य आरंभ नहीं हुआ है, लेकिन यहां काम पूरा दिखाया जा रहा है. कागजों पर डोभा बना कर पैसे की अवैध निकासी हो रही है.
प्रखंड प्रशासन द्वारा अपनी उपलब्धि दिखाने के लिए मजदूरों का फर्जी मस्टर रॉल तैयार कर उनके बैंक खाते में पैसा भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि डुड़िया पंचायत के अंतर्गत सरगांव में सार्वजनिक तालाब बंदी उरांव, सादिक चौधरी, सोमरा उरांव का 100 गुणा 100, शिबू उरांव, पतरस उरांव, सोमारी उराइन, सोमा उरांव, लालू उरांव का डोभा निर्माण की स्थिति खराब है.
इसी पंचायत में वित्तीय वर्ष 2014-15 में राजेश उरांव, सोमारी देवी, गंदुरा उरांव, मधु उरांव, गंदरी देवी की जमीन पर कूप निर्माण का कार्य कराया गया था, जिसका मजदूरी का भुगतान अभी तक बकाया है. अनिल गुप्ता ने बताया कि प्रखंड प्रशासन की अनियमितता की जानकारी डीडीसी को देकर जांच करने की मांग की है. मौके पर सांसद प्रतिनिधि मुन्ना शाही, भूषण पहान, अशोक केसरी समेत सभी बीस सूत्री सदस्य मौजूद थे.
