राज्य में तीसरा स्थान मिला है
माता-पिता यूपी में करते हैं मजदूरी
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय स्कूल, घाघरा से दी है परीक्षा
घाघरा/गुमला : माता -पिता उत्तर प्रदेश में मजदूरी करते हैं. बेटी ने इंटर की परीक्षा में स्टेट में तीसरा स्थान प्राप्त की. घाघरा प्रखंड के बेती गांव के सरजू सिंह व ललिता देवी की बेटी गायत्री कुमारी ने इंटर कला संकाय में 385 अंक लाकर राज्य में तीसरा स्थान व गुमला जिले में टॉपर रही है. वह कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय स्कूल, घाघरा से परीक्षा लिखी थी. गायत्री के माता पिता आठ माह पहले ईंट भट्ठा में काम करने उत्तर प्रदेश गये हैं. अभी भी वे यूपी में ही हैं.
इधर, हॉस्टल में रह कर गायत्री ने कड़ी मेहनत कर इंटर की परीक्षा पास की. गरीब परिवार से होने के बावजूद गायत्री ने अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ायी है.
गायत्री ने कहा कि उसकी बचपन से इच्छा है. वह न्यायिक पदाधिकारी (जज) बन कर देश व समाज की सेवा करना चाहती है.
उन्होंने कहा कि मेरे इस सफलता का श्रेय स्कूल प्रबंधन व मेरे परिवार को जाता है. इनके मार्गदर्शन से मैंने परीक्षा लिख कर सफलता प्राप्त की. घर में गायत्री का भाई अरुण सिंह, बहन पूजा कुमारी, खुशबू कुमारी व दादी पार्वती देवी हैं.
जिस समय रिजल्ट निकला, उस समय गायत्री अपने गांव बेती में थी. रिजल्ट निकलने की सूचना पर वह घाघरा पहुंची. तब प्रभात खबर ने उसे बताया कि वह जिला टॉपर रही है. जैसे ही गायत्री को टॉपर होने की सूचना मिली, वह खुशी से झूम उठी.
