मनरेगा मजदूरों का सात लाख हड़पा

गुमला : सिसई प्रखंड स्थित लरंगो गांव के 850 मनरेगा मजदूरों की मजदूरी हड़पने का मामला प्रकाश में आया है. मनरेगा मजदूरों ने वर्ष 2006 से लेकर वर्ष 2015 तक 10 योजनाओं में काम किया है, लेकिन अभी तक एक भी मजदूर को एक दिन की भी मजदूरी नहीं मिली है. प्रति मजदूर हजार रुपये […]

गुमला : सिसई प्रखंड स्थित लरंगो गांव के 850 मनरेगा मजदूरों की मजदूरी हड़पने का मामला प्रकाश में आया है. मनरेगा मजदूरों ने वर्ष 2006 से लेकर वर्ष 2015 तक 10 योजनाओं में काम किया है, लेकिन अभी तक एक भी मजदूर को एक दिन की भी मजदूरी नहीं मिली है. प्रति मजदूर हजार रुपये से लेकर 30 हजार रुपये तक लंबित है. इससे मजदूरों में नाराजगी है और वे सड़क पर उतर कर आंदोलन करने का मन बना रहे हैं.
जिरमनिरया देवी (वर्तमान में वार्ड सदस्य), प्रदीप उरांव, बियो उरांइन, सुखमनिया उरांइन, सोमारी उरांइन, सनियारो उरांइन, जिताइन उरांव, एतवारी उरांइन, सुरजी उरांइन, करमी उरांइन, पाही उरांव, डुबकी उरांइन, मांजी उरांइन, एतमानिया उरांइन, भिनसारिया उरांइन, गोंदो उरांइन, जांबी उरांइन, अकाली उरांइन, बासी उरांइन, बिरमानी उरांइन, सहमानी उरांइन, रंथु उरांव, भुटकु उरांव, मनोज उरांव, दासो उरांव, बंदे उरांव, बिरसा उरांव व विपइत उरांव आदि मनरेगा मजदूरों ने पंचायत सेवक, रोजगार सेवक, साहिजाना डाक के पोस्टमास्टर व ठेकेदार पर पैसा हड़पने का आरोप लगाया है.
बताया कि इन लोगों ने मिलीभगत कर सभी मनरेगा मजदूरों की मजदूरी हड़प ली है. ठेकेदार से मजदूरी भुगतान करने की बात कहने पर ठेकेदार द्वारा टालमटोल किया जाता है. मजदूरों का जॉब कार्ड लेकर स्वयं पैसा निकाल लिया है. लगभग सात लाख रुपये मजदूरी बकाया है.
इन योजनाओं में मजदूरों ने काम किया है
मजदूरों ने बताया कि वर्ष 2006-07 में लाभुक शनि उरांव के खेत में तालाब निर्माण में लगभग 100 मजदूर, वर्ष 2008-09 में बुध बाजार से कोयल नदी तक पथ निर्माण में लगभग 250 मजदूर, वर्ष 2011 में लाभुक मायाराम उरांव के कूप निर्माण में 20 मजदूर, लाभुक झरिया उरांव के कूप निर्माण में 20 मजदूर, गौड़ी उरांव के कूप निर्माण में 35 मजदूर, चामु उरांव के कूप निर्माण में 25 मजदूर, हीरामैन उरांव के कूप निर्माण में 30 मजदूर, उमेश उरांव के कूप निर्माण में 35 मजदूर, वर्ष 2011 से 15 तक लादा से चेकडैम तक पथ निर्माण में लगभग 150 मजदूर तथा वर्ष 2014-15 में धरधरिया टंगरा से अंबाडीपा तक पथ निर्माण में लगभग 200 मजदूरों ने मजदूरी की है.
डीसी से मजदूरी भुगतान कराने की मांग
मजदूरों ने गुमला डीसी श्रवण साय से मजदूरी भुगतान कराने की मांग की है. इस मांग को लेकर मंगलवार को दर्जनों की संख्या में मजदूर गुमला पहुंचे थे. जहां मजदूरों ने डीसी से मुलाकात की और समस्या की जानकारी देते हुए मजदूरी भुगतान कराने की मांग की.
बताया कि पंचायत सेवक, रोजगार सेवक, साहिजाना डाक के पोस्ट मास्टर व ठेकेदार ने सभी मनरेगा मजदूरों का सात लाख रुपये हड़प लिया है. मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी. मजदूरों ने यह भी कहा है कि जबतक मजदूरी भुगतान नहीं होता है. कोई भी विकास का काम गांव में नहीं होने दिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >