28 फीट गहरा व 13 फीट चौड़ा कुआं है
मनरेगा से स्वीकृति नहीं मिलने पर खुद खोदा कुआं
गुमला : परमवीर चक्र विजेता शहीद अलबर्ट एक्का के चचेरे भाई बोनिफास एक्का ने मनरेगा से स्वीकृति नहीं मिलने पर खुद कुआं खोद डाला. वर्ष 2014 के फरवरी-मार्च माह में कुआं खोदा है.
कुआं 28 फीट गहरा व 13 फीट चौड़ा है. बोनिफास ने बताया कि उसे किसी प्रकार की सरकारी सहायता नहीं मिली है. अपने दम पर घर के बगल में कुआं खोदा है. उसी कुएं के पानी से खेत में पटवन करते हैं. घर के अन्य कामों के लिए भी उक्त कुएं का उपयोग करते हैं.
अभी बोनिफास सब्जी की खेती कर रहा है. खेत थोड़ा है, लेकिन हरियाली है. उन्होंने बताया कि प्रशासन से सहयोग की मांग की थी, पर सहयोग नहीं मिला. कई बार आवेदन भी सौंपा. मनरेगा से कुआं की स्वीकृति देनी तो दूर इंदिरा आवास भी नहीं दिया. अभी भी पुराने मिट्टी के घर में ही रहते हैं.
सरकारी सुविधा नहीं मिली
बोनिफास की पत्नी उर्सिला एक्का ने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलता है. खेतीबारी कर जीविका चला रहे हैं. सरकार की तरफ से कुछ सुविधा नहीं मिली है. उन्होंने अलबर्ट एक्का प्रखंड के विकास पर भी चिंता जतायी है. उर्सिला ने कहा : यहां कुछ काम नहीं हुआ है. अगर कुछ काम दिखता है तो वह ऊपरी दिखावा है. आज भी इस क्षेत्र की जनता विकास के लिए तरस रही है.
