पालकोट (गुमला) : पालकोट थाना के रांगामाटी गांव निवासी माधव गोप (35) की सोमवार की रात पत्थर से कूच कर हत्या कर दी गयी. हत्या से पहले उसे पीटा भी गया था. शरीर में कई स्थानों पर चोट के निशान थे.
माधव एक माह पहले ही गुमला जेल से जमानत पर छूटा था. डायन-बिसाही के मामले में वह चार साल से जेल में था. मंगलवार की सुबह पुलिस ने टेंगरिया डहूडड़ गांव के समीप हरिला टोंगरी से उसका शव बरामद किया. जानकारी के अनुसार, माधव चार साल तक जेल में था.
एक माह पहले जेल से छूटने के बाद खेती-बारी कर जीविका चला रहा था. सोमवार को वह पालकोट बाजार गया था. घर लौटने के क्रम में हरिना टोंगरी के समीप हत्यारों ने उसे पकड़ लिया. पिटाई के बाद पत्थर से सिर कूच दिया. सूचना पर थाना प्रभारी अजय कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ पहुंचे.
