घाघरा. घाघरा थाना के सरांगो पोखराटोली गांव की बलकी देवी (50 वर्ष) की उसके देवर लेपड़ा उरांव ने लाठी से पीट कर हत्या कर दी. डायन-बिसाही में हत्या हुई है. घटना गुरुवार की शाम 6.45 बजे की है. पुलिस घटना स्थल पहुंच कर शव को बरामद कर ली है. अभी शव को घाघरा थाना में रखा गया है. वहीं हत्या करने के बाद आरोपी लेपड़ा उरांव फरार है.
पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए खोज रही है. जानकारी के अनुसार लेपड़ा की पत्नी कई दिनों से बीमार है. किसी ओझा ने कह दिया कि उसे किसी ने भूत-पिशाच कर दिया है. जिस कारण उसकी बीमारी ठीक नहीं हो रही है. इतना सुनने के बाद लेपड़ा ने अपनी भाभी बलकी को घर के समीप पकड़ लिया. इसके बाद लाठी से उसे तब तक मारता रहा, जबतक कि वह मर नहीं गयी. जब लेपड़ा अपनी भाभी को मार रहा था, उस समय कुछ लोग आवाज सुन कर पहुंचे. लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
