एक माह में दो को लूटा, एक शिक्षक को लूटने का प्रयास विफल, सीसीटीवी में कैद हुआ सरगना
कुड़ू : कुड़ू पुलिस के लिए विगत एक माह से मोटरसाइकिल सवार झपट्टामार गिरोह चुनौती बना हुआ है. एक माह के भीतर दो लोगों से इस गिरोह ने लगभग एक लाख रुपये छीन चुका है. जबकि दो दिन पहले कैरो थाना क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय के शिक्षक से छिनतई की घटना में गिरोह विफल रहा़ बावजूद इसके पुलिस इस गिरोह को पकड़ने में कामयाब होना तो दूर इस बात का पता तक नहीं लगा पायी है कि यह गिरोह कहां का है तथा इसमें कितने लोग शामिल है.
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिला है इससे पता चला है कि इस गिरोह में चार लोग शामिल हैं तथा मोटरसाइकिल से शिकार की तलाश करते है़ं दिसंबर के पहले सप्ताह में जीमा के शिक्षक से इस गिरोह ने टाटी चौक के समीप कपड़े पर कीचड़ फेंकते हुए मोटरसाइकिल में टंगे झोला में रखे लगभग 49 हजार रुपये लेकर फरार हो गया.
इसके बाद दिसंबर के तीसरे सप्ताह में बैंक से पैसा निकाल कर बाजार गई महिला का पर्स छीनते हुए पचास हजार रुपये लेकर फरार हो गये़ दो दिन पहले कैरो प्रखंड के गितिलगढ़ विद्यालय के शिक्षक जो बैंक से लगभग पचास हजार रुपये निकाल कर कुड़ू पहुंचे थे तथा शहरी क्षेत्र के मस्जिद चौक के पास बाइक खड़ा कर एक दुकान में कुछ खरीदने गये इसी बीच बाइक की डिक्की को तोड़ते हुए पैसा निकालने का प्रयास किया गया़ लेकिन शिक्षक के देख लेने तथा शोर मचाने के बाद चोर भागने लगे़ पीछे से झपट्टामार गिरोह का सरगना बाइक से पहुंचा तथा चोर को बाइक से लेकर फरार हो गया.
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है़ शहरी क्षेत्र में लगातार हो रही छिनतई की घटना से आमलोग में दशहत है. थाना प्रभारी हरिऔध करमाली ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम किया जा रहा है जल्द मामले का खुलासा होगा.
