दशहरा मेला में बेकाबू ट्रक ने महिला को कुचला, मौत, लोगों ने किया सड़क जाम, पुलिस को पीटा

दुर्जय पासवान, गुमला गुमला जिला अंतर्गत रायडीह ब्लॉक के नवागढ़ पतराटोली में लगे दशहरा मेला और विसर्जन जुलूस के दौरान शाम पांच बजे एक मालवाहक ट्रक बेकाबू हो गया. ट्रक ने नारोटोली गांव की अनिता देवी को कुचल दिया. जिससे महिला की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि कई लोग ट्रक की […]

दुर्जय पासवान, गुमला

गुमला जिला अंतर्गत रायडीह ब्लॉक के नवागढ़ पतराटोली में लगे दशहरा मेला और विसर्जन जुलूस के दौरान शाम पांच बजे एक मालवाहक ट्रक बेकाबू हो गया. ट्रक ने नारोटोली गांव की अनिता देवी को कुचल दिया. जिससे महिला की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि कई लोग ट्रक की चपेट में आने से बच गये.

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाइवे-78 जाम कर दिया. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को पूजा समिति के लोगों व ग्रमीणों ने खरीखोटी सुनायी. एक अधिकारी की पिटाई भी कर दी. पूजा समिति के विनय कुमार लाल ने मामले को शांत कराया और पुलिस अधिकारी को बचाया.

मौके पर विधायक शिवशंकर उरांव, एसडीपीओ कुलदीप कुमार, बीडीओ मिथिलेश कुमार सहित कई अधिकारी पहुंचे. आक्रोशित लोगों को बड़ी मुश्किल से मनाया गया. मौके पर लोग थानेदार रविंद्र कुमार शर्मा को रायडीह से हटाने की मांग कर रहे थे. पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की गयी.

थानेदार को रायडीह से हटाने की मांग

लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी किर रहे थे. लोगों का आरोप है कि मेला व विसर्जन जुलूस के दौरान पुलिस अधिकारी व जवान को तैनात करना था. चूंकि मेला में 10 हजार से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ती है. इसलिए सभी ट्रकों को मांझाटोली के समीप ही रोक देना था. परंतु पुलिस ने वाहनों को नहीं रोका. जिस कारण जुलूस व मेला के दौरान ट्रक घुस गये. यहां तक कि मेला में पुलिस भी नहीं थी. जिस कारण यह हादसा हुआ.

अंतिम संस्कार के लिए दिये पैसे

मृतक के परिजन को पूजा समिति ने 10 हजार व बीडीओ ने पांच हजार रुपये की मदद की है. पूजा समिति ने कहा है कि पुलिस की लापरवाही से घटना घटी है. थानेदार को नहीं हटाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है. साथ ही गुमला पुलिस की कार्यप्रणाली से डीजीपी व सीएम को अवगत कराने की बात कही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >