गुमला : पूर्व मुख्यमंत्री सह विपक्ष के नेता हेमंत सोरेन शुक्रवार को गुमला पहुंचे. श्री सोरेन ढिढौली पोखराटोली गांव गये, जहां उन्होंने मृत किसान शिवा खड़िया के परिजनों से मुलाकात की. बिचड़ा सूख जाने से आहत होकर शिवा खड़िया ने पिछले दिनों आत्महत्या कर ली थी. श्री सोरेन ने परिवार के लोगों से घटना की जानकारी ली. शिवा की पत्नी डुडी खड़ियाइन, बेटा बिरसा खड़िया, करमा खड़िया व जीतू खड़िया ने बताया कि शिवा कर्ज में डूबे हुए थे. ऊपर से धान का बिचड़ा भी मर गया था, इसलिए वे परेशान रहने लगे और शराब पीने लगे थे.
करीब आधा घंटे तक श्री सोरेन ने बात की. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से भी गांव की समस्याओं की जानकारी ली. ग्रामीणों ने बताया कि पोखराटोली में समस्या ही समस्या है. इसपर श्री सोरेन ने कहा कि गांवों का यह कैसा विकास है. जहां न तो स्वास्थ्य सुविधा है और न ही रोड, पानी व बिजली है. यहां तक कि राशन कार्ड भी कई परिवारों के पास नहीं है. गांव की जो स्थिति है, यह सरकार के विकास कार्यों की पोल खोल रही है.
