गुमला : दो माह बाद सीएम के निर्देश पर दिव्यांग को मिली बैटरी रिक्शा
।। जगरनाथ ।। गुमला : मुख्यमंत्री रघुवर दास के निर्देश के बाद दिव्यांग रमेश टोप्पो को जिले के उपायुक्त शशि रंजन ने सोमवार को बैटरी संचालित रिक्शा दिया. दिव्यांग रमेश टोप्पो शहर से सटे पुग्गु पंचायत का रहने वाला है. बैटरी संचालित रिक्शा की मांग को लेकर रमेश ने पिछले छह माह पूर्व मुख्यमंत्री जनसंवाद […]
।। जगरनाथ ।।
गुमला : मुख्यमंत्री रघुवर दास के निर्देश के बाद दिव्यांग रमेश टोप्पो को जिले के उपायुक्त शशि रंजन ने सोमवार को बैटरी संचालित रिक्शा दिया.
दिव्यांग रमेश टोप्पो शहर से सटे पुग्गु पंचायत का रहने वाला है. बैटरी संचालित रिक्शा की मांग को लेकर रमेश ने पिछले छह माह पूर्व मुख्यमंत्री जनसंवाद के माध्यम से सीएम से गुहार लगायी थी. इसके आलोक में लगभग दो माह पूर्व प्रधान सचिव एसके वर्णवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिला समाज कल्याण विभाग गुमला को रमेश को रिक्शा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था.
उस समय डीएसडब्ल्यूओ ने रमेश के घर का पता नहीं होने का हवाला देकर अपना पल्ला झाड़ लिया था. इसके बाद अक्टूबर माह के अंतिम मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मुख्यमंत्री के सीधी बात में मुख्यमंत्री ने रमेश के मामले की जानकारी ली और रमेश को बैटरी रिक्शा नहीं मिलने को लेकर नाराजगी प्रकट करते हुए जल्द से जल्द रिक्शा देने का निर्देश दिया था.
उक्त निर्देश के आलोक में सोमवार को उपायुक्त शशि रंजन ने रमेश को बैटरी संचालित रिक्शा की चाभी सौंपी. उक्त रिक्शा हॉर्न, लाइट, ब्रेक, समान रखने वाली पेटी, बैटरी व चार्जर से युक्त है. रिक्शा मिलने के बाद रमेश के चेहरे पर मुस्कुराहट थी. मौके पर डीडीसी नागेंद्र कुमार सिन्हा, डीएसब्ल्यूओ अंजना दास, सीब्डल्यूसी के चेयरमैन शंभु सिंह, भाजपा नेता सैबु सिंह आदि उपस्थित थे.