भरनो : प्रखंड की अमलिया पंचायत में जंगली हाथियों ने सोमवार की रात उत्पात मचाया. हाथियों ने टेंपो से घर जा रहे यात्रियों को दौड़ाया, लेकिन यात्री टेंपो से उतर कर भागे. लेकिन हाथियों ने टेंपो को क्षतिग्रस्त कर दिया है. जानकारी के अनुसार, भंडरा के कुछ लोग शादी समारोह में शामिल होने के बार तीन टेंपो से लौट रहे थे. इसी क्रम में रात करीब नौ बजे भरनो चट्टी रोड पर रायकेरा जंगल के समीप दो जंगली हाथी आ धमके. तब तक दो टेंपो रायकेरा जंगल से गुजर गये, परंतु तीसरा टेंपो जैसे ही जंगल के समीप पहुंचा,
दोनों हाथी सामने आ गये. हाथियों को देख कर टेंपो में सवार लोग टेंपो छोड़ भाग निकले. सभी लोग भाग कर रायकेरा गांव पहुंचे और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी. इधर, हाथियों ने टेंपो को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद सैकड़ों ग्रामीण रात को रायकेरा जंगल पहुंचे और हाथियों को भगाया. इधर, उसी रात एक जंगली हाथी मदनपुर गांव पहुंच गया. ग्रामीणों ने मशाल जला कर किसी तरह हाथी को भगाया.
