गुमला. गुमला जेल से रिहा होने के बाद एक युवती ने अपने ही चाचा पर घर की संपत्ति हड़पने व चोरी करने का आरोप लगाया है. इस संबंध में पीड़िता शाहजहां परवीन ने थाना में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. जानकारी के अनुसार लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना स्थित ननतिलो गांव निवासी शाहजहां परवीन की वर्ष 2022 में गुमला थाना कांड संख्या 105/22 में उसके पिता मुंतजीर अंसारी की हत्या के आरोप में उसकी मां मेहरू निशा के साथ उसे भी जेल भेज दिया गया था. हालांकि पीड़िता का कहना है कि उसे इस हत्या की कोई जानकारी नहीं थी. पीड़िता के अनुसार जेल जाने के बाद उसके घर में कोई सदस्य नहीं बचा था. इस दौरान गुमला थाना के एक पुलिस कर्मी द्वारा गांव के ही एक व्यक्ति की उपस्थिति में उसके चाचा अजमुद्दीन अंसारी को 36 बकरियां और 25 मुर्गियां देख रेख के लिए सौंपी गयी थी. आरोप है कि चाचा ने इन पशुओं को संभालने के बजाय सभी को बेच दिया और पैसे हड़प लिये. इतना ही नहीं उसके चाचा ने घर का ताला तोड़ कर अलमारी में रखे करीब एक लाख, 10 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, जिसमें सोने का झुमका, चांदी की अंगूठी, पायल और अन्य आभूषण के साथ-साथ एक सिलाई मशीन भी चोरी कर ली. जेल से रिहा होने के बाद जब पीड़िता ने अपने सामान और पशुओं के बारे में जानकारी ली, तो पूरे मामले का खुलासा हुआ. उसने बताया कि पहले रिश्तेदारी के कारण उसने दबाव नहीं बनाया. लेकिन बार-बार मांगने के बावजूद सामान और पैसे वापस नहीं मिलने पर अब उसने चाचा के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाये. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है और आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
चाचा पर संपत्ति हड़पने व चोरी करने का लगाया आरोप
पीड़िता ने थाना में लिखित आवेदन देकर की कानूनी कार्रवाई की मांग
