गुमला : बिशुनपुर प्रखंड के पेट्रोल पंप के समीप सोमवार की रात आठ बजे टूरिस्ट बस व ट्रक की सीधी भिड़ंत होने से कोलकाता के करीब दो दर्जन टूरिस्ट घायल हो गये हैं. सभी घायलों का इलाज बिशुनपुर अस्पताल में चल रहा है. इसमें शिल्पा, अर्पणा, तुलित, शकुंतला, विपाशा, स्वतमिल, स्वमुख को गंभीर चोट लगी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त बस में नेतरहाट आये पर्यटक सवार थे, जो नेतरहाट से लौटते हुए रांची की ओर जा रहे थे. इसी क्रम में बिशुनपुर पेट्रोल पंप के समीप नशे में धुत बॉक्साइट ट्रक ड्राइवर ने बस को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. इस टक्कर के बाद उसमें सवार कई लोग घायल हो गये. घटना के बाद बॉक्साइट ट्रक ड्राइवर व खलासी फरार हो गये.
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेता भिखारी भगत, बिशनपुर बीडीओ उदय कुमार सिन्हा, प्रमुख रामप्रसाद बडाईक व सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को बिशुनपुर समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आये. जहां उनका इलाज डॉक्टर ओम प्रकाश की देखरेख में चल रहा है.
