गोड्डा : पोड़ैयाहाट प्रखंड के मचखार गांव निवासी 25 वर्षीय अमित कुमार (पिता- श्रवण साह) की गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. घटना लीलादह के पास उस समय हुई, जब अमित रतनपुर स्थित ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) से पैसे निकालकर बाइक से वापस लौट रहा था.
जम्मू से लौटने के दौरान नशाखुरानी का शिकार
मृतक के छोटे भाई रूपेश कुमार ने बताया कि अमित जम्मू से मजदूरी कर अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में वह कथित रूप से नशाखुरानी गिरोह का शिकार हो गया. अपराधियों ने उसका मोबाइल, एटीएम कार्ड और सारा सामान पार कर दिया था. किसी तरह बदहवास हालत में वह अपने घर पहुंचा था.
सीएसपी से पैसे निकालकर लौट रहा था अमित
घर पहुंचने के बाद दैनिक खर्च और जरूरतों के लिए अमित रतनपुर स्थित ग्राहक सेवा केंद्र से पैसे निकालने गया था. पैसे निकालकर बाइक से वापस लौटने के दौरान लीलादह के पास विपरीत दिशा से आ रही अज्ञात पल्सर बाइक से उसकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई.
मौके पर ही हुई मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही पोड़ैयाहाट पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा भेज दिया.
गांव में पसरा मातम
अमित अविवाहित था. नशाखुरानी का शिकार होने के बाद वह किसी तरह सुरक्षित घर लौट आया था, लेकिन इसके बाद हुए सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं. घटना के बाद से मचखार गांव में मातम का माहौल है.
