पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया. धरना की अध्यक्षता भाजपा मेहरमा मंडल अध्यक्ष उमेश पासवान ने की. इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष संजीव कुमार मिश्रा, भाजयुमो संथाल परगना प्रभारी रविंद्र तिवारी, महागामा नगर अध्यक्ष प्रबोध सोरेन समेत विधानसभा स्तर के कई नेता उपस्थित थे. धरना के दौरान श्री तिवारी ने कहा कि वर्तमान सरकार किसान विरोधी है. चुनाव पूर्व महागठबंधन ने किसानों के हित का दावा करते हुए सत्ता में आगमन किया, लेकिन आजतक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया. खाद और उच्च गुणवत्ता वाले बीज समय पर नहीं मिलते, जिसका असर फसल उत्पादन पर पड़ता है. पूर्व जिला अध्यक्ष श्री मिश्रा ने कहा कि किसानों के नाम पर चलायी जा रही योजनाओं में भ्रष्टाचार फैला हुआ है. धान अधिप्राप्ति केंद्रों में प्रति क्विंटल 8 से 10 किलोग्राम अतिरिक्त वसूला जाता है. महागामा नगर अध्यक्ष प्रबोध सोरेन ने किसानों की समस्याओं को बिंदुवार रखकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया. उन्होंने चेतावनी दिया कि अगर समय पर समाधान नहीं हुआ तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होगी. धरना में सूरज जायसवाल, मुरारी चौबे, लाल बहादुर सिंह, बलराम कुशवाहा, दीपक सिंह देव, फनीलाल कुशवाहा, आनंद मिश्रा, पप्पू ठाकुर, दिनेश साह, अजय साह, हरि किशोर मिश्र, राजेश लाल, गणेश पोद्दार सहित अन्य नेताओं ने भी किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए कहा कि अगर त्वरित समाधान नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा. धरना कार्यक्रम के समापन पर सभी भाजपाइयों ने बीडीओ अभिनव कुमार से मिलकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा. मौके पर राजेश साह, दीपक ठाकुर, राजेश सिंह, प्रवीण भारती, ऐतवारी साह और जीवन मंडल उपस्थित थे.
किसानों की समस्याओं को लेकर बोला तीखा हमला

किसानों की समस्याओं को लेकर बोला तीखा हमला
Copied link
मेहरमा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया धरना प्रदर्शन