महिला सुरक्षा विषय पर नूनाजोर पुरानी पंचायत भवन सभागार में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता साधना देवी ने की. इस दौरान महिलाओं ने महिला सुरक्षा पर अपनी बातें रखी. महिलाओं ने कहा कि आज देशभर में महिलाओं के साथ आये दिन हो रहे अत्याचार, दुष्कर्म व हत्या के मामले बढ़ रहे हैं. ऐसे में महिलाओं को अपने साथ हुए आपराधिक घटनाओं की जानकारी परिवार व पुलिस के साथ साझा करनी चाहिए. संवाद कार्यक्रम में महिलाओं व युवतियों के साथ आये दिन हो रहे अत्याचार पर आक्रोश व्यक्त किया गया. कहा कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा के कारण आज आधी आबादी सुरक्षित नहीं है. महिलाओं के साथ जघन्य अपराध करने वाले दोषियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से फांसी की सजा मिलनी चाहिए. मौके पर दुष्कर्म व हत्या की घटना को लेकर आक्रोश व्यक्त करते हुए दोषी को सरेआम फांसी दिये जाने की मांग की गयी. मौके पर महिलाओं को अपनी सुरक्षा के लिए भी खुद भी आत्मनिर्भर बनने को लेकर प्रोत्साहित किया गया वहीं महिलाओं की रक्षा के लिए देश में और अधिक कठोर कानून बनाने की बात कही गयी. बताया गया कि आधी आबादी की रक्षा के लिए महिलाओं के प्रति सामाजिक सोच को बदलना जरूरी है, शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक प्रोत्साहित करने की जरूरत है तभी देश विकसित होगा. कार्यक्रम का संचालन प्रतिनिधि गुंजन कुमार ने किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
