अमरपुर पंचायत के बभनिया और कोलबड्डा गांव के ग्रामीण पंद्रह साल पहले बनी पीसीसी सड़क की जर्जर स्थिति और बारिश में उत्पन्न होने वाले जलजमाव से परेशान हैं. बारिश के समय सड़क पर जमा पानी के कारण ग्रामीणों और अन्य लोगों को आवागमन में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है. बभनिया गांव में लगभग 60 घरों में 400 की आबादी रहती है. सभी कुर्मी जाति के हैं. यहां 10 सूत्री उपाध्यक्ष रविंदर प्रसाद महतो का भी घर होने के बावजूद ग्रामीण कीचड़ और जलजमाव से निजात नहीं पा रहे हैं. बीती रात हुई जोरदार बारिश के बाद सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गयी.
स्कूली बच्चों और आम जनता की मुश्किलें
गांव के स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से स्कूल जाते हैं, जिन्हें हाथ में चप्पल लेकर सड़क पार करनी पड़ती है. ग्रामीण गुरुप्रसाद महतो, लंबोदर महतो, पुरण महतो, सुभाष महतो, दुखु महतो ने बताया कि बारिश होने पर पूरा सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाता है और चलना मुश्किल हो जाता है. सड़क के दोनों किनारे लंबी दूरी तक बसा यह गांव नालों के अभाव में बारिश के पानी से जलजमाव का सामना करता है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से नाला निर्माण कराने की मांग की है, ताकि पानी का निकास सुनिश्चित हो और समस्या का समाधान हो सके.कोलबड्डा गांव में भी सड़क पर जलजमाव
बभनिया के पास स्थित कोलबड्डा गांव में भी सड़क पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. गांव के लोग पानी में घुसकर आवाजाही करते हैं. यह मार्ग बभनिया मोड़ से कोलबड्डा होकर सन्हौली गांव तक जाता है और इस मार्ग पर रहने वाले ग्रामीणों का मुख्य आवागमन इसी से होता है. ग्रामीणों का कहना है कि समस्या गंभीर है, लेकिन स्थानीय नेता और जिम्मेदारों की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है. जलजमाव और कीचड़ के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और शाम होते ही जीना मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल समस्या समाधान की मांग की है, ताकि उन्हें थोड़ी राहत मिल सके.
