भिगंडा गांव में लगा जलमीनार खराब, पेयजल की बढ़ी परेशानी

ग्रामीण अन्य स्थानों का सहारा लेकर लंबी दूरी तय कर ला रहे पानी

ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र के रुंजी पंचायत अंतर्गत भिगंडा गांव में इन दिनों पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गयी है. ग्रामीणों के बीच पानी को लेकर त्राहिमाम मचा है. यह गांव बसता पहाड़ी परिक्षेत्र के नीचे बसा हुआ है. गांव के तीन टोले में लगा सोलर जलमीनार विगत सात माह से खराब पड़ा हुआ है. तीन टोले की लगभग 2000 की आबादी इस पर निर्भर थी, जिसे आज उक्त जलमीनार से एक बुंद पानी नसीब नहीं हो रहा है. ग्रामीण अन्य स्थानों का सहारा लेकर लंबी दूरी तय कर पानी ला रहे हैं. इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है. गांव के लोग परेशान हो रहे हैं. फिलहाल पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है. धीरे-धीरे तापमान भी बढ़ता जा रहा है. संबंधित विभाग के जेइ को सूचना देने के बावजूद भी सुधि नहीं ली जाती है, जिसके कारण गांव की आबादी पीने के पानी को लेकर परेशान है. ग्रामीण दामोदर मंडल, परमेश्वर रविदास,अशोक रविदास, सुरेश रविदास, गणेश दास, भोजल दास ने बताया कि इन दिनों पेयजल की घनघोर किल्लत है. गांव के ग्रामीणों को लंबी दूरी तय कर दूसरे स्थान से पानी लाना पड़ता है. खासकर पानी की जद्दोजहद घर की महिलाओं को करनी पड़ती है, जो सुबह से शाम तक परेशान रहती हैं. ग्रामीणों ने बताया कि खराब पड़े जलमीनार की मरम्मत करा दी जाये, तो लोगों को मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से समस्या के निदान की मांग की है, ताकि थोड़ी राहत मिल सके. बताते चलें कि क्षेत्र कई गांवों में सोलर जलमीनार खराब है, जिसकी सुधि ना तो प्रखंड प्रशासन ही ले रही है और ना ही संबंधित विभाग के पदाधिकारी. पूर्व के पंचायत समिति की बैठक में संबंधित विभाग के जेइ को निर्देशित किया गया था. परंतु समस्या जस की तस पड़ी हुई है. अंदाजा लगाया जा सकता है कि आने वाले समय में अगर यही हाल रहा, तो लोगों को भीषण गर्मी में काफी परेशानी झेलनी पड़ेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >