प्रखंड मुख्यालय से दूरी से ग्रामीण परेशान, सरकार के शीघ्र प्रखंड गठन से क्षेत्र के विकास को मिलेगी नयी गति

युवाओं ने की राजाभिट्ठा को शीघ्र प्रखंड घोषित करने की मांग

बोआरीजोर प्रखंड के राजाभिट्ठा चौक के समीप प्रभात खबर की ओर से आयोजित प्रभात संवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के युवाओं ने बढ़चढ़कर भाग लिया. कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया सुखलाल सोरेन ने की. संवाद का विषय था, राजाभिट्ठा को प्रखंड बनाने की घोषणा सरकार जल्द करे. इस दौरान सभी ने एक स्वर में अपनी बातें रखी. ग्रामीणों ने बताया कि राजाभिट्ठा प्रखंड मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर है, जिससे प्रखंड कार्यालय आने-जाने में उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है. यह क्षेत्र बरहेट विधानसभा अंतर्गत आता है, जिसके विधायक स्वयं राज्य के मुख्यमंत्री हैं. सरकार ने राजाभिट्ठा को प्रखंड बनाने का निर्णय लिया है और पंचायत समिति की बैठक में प्रस्ताव पारित कर इसे रांची भेजा गया है. प्रखंड बनाने के प्रस्ताव में आठ पंचायतों को शामिल किया गया है, जिनमें राजाभिट्ठा, डुमरिया लीलातरी वन, कुसुमघाटी, बड़ा अमरपुर, देवीपुर, बड़ा डूमरहिल और कुश बिल्ला शामिल हैं. क्षेत्रीय सीओ ने प्रखंड कार्यालय के लिए जमीन भी चिन्हित की है, लेकिन कई माह बीत जाने के बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पायी है. मुखिया सुखलाल सोरेन, ग्रामीण अखिलेश कुमार मंडल, ओमप्रकाश पंडित, यमुना पंडित और संजय कुमार मंडल ने बताया कि कार्यालय की दूरी के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में अत्यधिक कठिनाई होती है. एक दिन का समय यात्रा में बर्बाद हो जाता है और महिला एवं बुजुर्ग कार्यालय नहीं पहुंच पाते हैं. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लगभग 70 हजार की आबादी को देखते हुए प्रखंड का निर्माण शीघ्र होना आवश्यक है. सभी ने सरकार से आग्रह किया है कि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान देते हुए राजाभिट्ठा प्रखंड की घोषणा अविलंब की जाये, जिससे क्षेत्र के विकास को नयी गति मिल सके.

लोगों ने कहा-

सरकार ने प्रखंड कार्यालय के लिए राजाभिट्ठा स्टेडियम के पास जमीन की मापी करवाई है. जल्द प्रखंड घोषित कर कार्यालय भवन का शिलान्यास होना चाहिए. 80 किमी दूर जाना पड़ता है.

-सुखलाल सोरेन, मुखिया

प्रखंड की दूरी अधिक होने से लोगों को कष्ट हो रहा है. महिला और बुजुर्गों को आने में कठिनाई होती है. मजदूर छोटे काम के लिए भी परेशान होते हैं, जिससे मजदूरी प्रभावित होती है.

-उत्तम कुमार मंडल

क्षेत्र मुख्यमंत्री के विधानसभा में आता है. बोआरीजोर प्रखंड कार्यालय आने-जाने में पूरा दिन लग जाता है. दूरी अधिक होने से दो दिन पहले से तैयारी करनी पड़ती है, जिससे परेशानी है.

-अखिलेश कुमार मंडल

प्रखंड कार्यालय दूर होने से क्षेत्र का विकास धीमा हो गया है. पहाड़ी और आदिवासी जनसंख्या अधिक है. कार्यालय बनने से क्षेत्र का विकास तीव्र गति से होगा और लोगों को सुविधा मिलेगी.

-यमुना पंडित

प्रखंड कार्यालय बनने की सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं. अब केवल मुख्यमंत्री स्तर पर घोषणा शेष है. जल्द घोषणा और शिलान्यास होने से ग्रामीणों की चिंता समाप्त हो जायेगी.

-ओम प्रकाश पंडित

राजाभिट्ठा क्षेत्र की आठ पंचायतों को आधार बनाकर प्रखंड निर्माण किया जा रहा है. लगभग 80 हजार आबादी है. सरकार जल्द प्रखंड का गठन कर विकास की दिशा में कदम बढ़ाये.

-संजय कुमार मंडलB

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >