ठाकुरगंगटी के बिहारी गांव में श्री श्री 1008 महारुद्र यज्ञ में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

53 देवी-देवताओं की प्रतिमा का पूजन, भव्य मेला और कथा वाचन ने बढ़ायी आस्था का रंग

ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र के मोरडीहा पंचायत अंतर्गत बिहारी गांव स्थित शिव मंदिर के निकट श्री श्री 1008 महारुद्र यज्ञ का आयोजन भक्तों की अपार आस्था के साथ संपन्न हो रहा है. श्रद्धालु भक्ति भाव में परिपूर्ण होकर यज्ञ की परिक्रमा कर पुण्य के भागी बन रहे हैं. क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के साथ-साथ निकटवर्ती राज्यों बिहार और बंगाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे. यज्ञ में उपस्थित लोगों ने स्थापित 53 देवी-देवताओं की प्रतिमा का पूजन कर लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की. यज्ञ के साथ ही परिसर में भव्य मेला का आयोजन किया गया, जो आम लोगों को आकर्षित कर रहा है. बनारस से पधारे शिवा मिश्रा जी महाराज यज्ञ में मंत्रोच्चार कर पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर रहे हैं. रात्रि में वृंदावन से आए कथा वाचक अनुराग दास जी महाराज की अमृत वाणी से उपस्थित श्रद्धालुओं को अमृतपान कराया गया. कमेटी के अध्यक्ष राजाराम कापरी, अनुज कुमार शुक्ला, दीपक कुमार पासवान, आशीष कुमार मंडल, निक्कू झा ने बताया कि 40 साल बाद इस गांव में इतने बड़े आयोजन से क्षेत्र के लोगों में उत्साह और उल्लास है. कमेटी की ओर से आगंतुक श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं. मेला परिसर में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए थाना प्रभारी राजन कुमार राम ने कहा कि महिला बल सहित अन्य पुलिस बलों की तैनाती की गयी है. पेट्रोलिंग के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न घटे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >