प्रभात फॉलोअप
एक साथ जली दंपती की चिता, गांव में पसरा मातमी सन्नाटाझपनी बांध गांव पहुंच कर एसडीपीओ ने की घटनास्थल की जांच
प्रतिनिधि, गोड्डा/पोड़ैयाहाटगोड्डा एसडीपीओ जेपीएन चौधरी शनिवार की दोपहर को घटनास्थल पर जांच करने पहुंचे. उन्होंने परिवारजनों व ग्रामीणों से घटना की पूरी जानकारी ली. एसडीपीओ ने बताया कि पूरे मामले को लेकर जांच की जा रही है. इसके बाद घटना के कारणों का पता चल सकेगा. पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के लाठीबाड़ी पंचायत के झपनी बांध गांव में बीते शुक्रवार की देर शाम सनकी युवक राजेंद्र उर्फ शिवलाल पंडित ने अपनी पत्नी 22 वर्षीय ललिता देवी की गला रेत कर हत्या कर देने के बाद अपने सास व ससुर को भी चाकू से वार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था. घटना के बाद बदहवास स्थिति में राजेंद्र ने स्वयं फंदे से लटक कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी. घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेजा था. जहां दोनों का इलाज किया गया. दंपती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था. पुलिस ने शव के पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया था. पोड़ैयाहाट थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया की महिला की गला रेतकर कर हत्या का मामला दर्ज हुआ है, जबकि युवक की खुदकुशी मामले में पुलिस ने यूडी केस दर्ज किया गया है. बताया जा रहा है कि राजेंद्र ने पत्नी का अवैध संबंध किसी अन्य युवक के साथ होने की शक में घटना को अंजाम दिया है. ग्रामीणों के मुताबिक अवैध संबंध को लेकर गांव में पंचायती भी हों चुकी थी. वर्ष 2019 में राजेंद्र व ललिता की शादी हुई थी. एक साल बाद ही पत्नी का गांव के एक युवक पर अवैध संबंध होने के शक के बाद विवाद शुरू हों गया था. अंत में वहीं हुआ जिसका अंदाजा किसी को नहीं था.लोगों का कहना है कि युवक ने अपनी जान के साथ-साथ पत्नी का भी जान ले लिया. मगर जरा-सा भी नहीं सोचा की दो अबोध बेटियों का क्या हाल होगा. शक के कारण परिवारजनों को यह दिन देखना पड़ रहा है.
दो बेटियों के सिर से उठा मां-बाप का साया
दिल को झकझोर देने वाली घटना पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के झपनी बांध गांव से सामने आयी है, जहां राजेंद्र पंडित ने अपनी पत्नी ललिता देवी की गला रेत कर हत्या के बाद स्वयं फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी थी. दंपती की मौत के बाद परिवार दो अबोध बेटियां अंजनी कुमारी (3 वर्ष), व दूसरी बेटी सृष्टि कुमारी (1 माह) के सिर से माता पिता का साया उठ गया. इस वक्त दोनों मासूम बच्ची नाना के घर में मौजूद है.
युवक के पिता ने दी बेटे व पतोहू को दी मुखाग्नि
जानकारी के अनुसार झपनी बांध गांव के श्मशान घाट में शनिवार की दोपहर को अलग ही नजारा देखने को मिला, बेटे व पतोहू की मौत पर पिता ने न सिर्फ अर्थी को कंधा दिया, बल्कि मुखाग्नि भी दी. जिस बेटा पतोहू के कंधे पर पिता की अर्थी निकलती, उसी पिता के कंधे पर बेटा-पतोहू की अंतिम यात्रा निकाली जा रही थी. जब पिता ने बेटा पतोहू को मुखाग्नि दी तो वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
