गोड्डा. जिले भर में एक तरफ रामनवमी को लेकर उत्साह का माहौल है. वहीं दूसरी ओर से रामनवमी व चैत नवरात्र को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है. शनिवार को जिले भर में प्रशासन ने फ्लैग मार्च किया. गोड्डा शहर में डीसी जिशान कमर, एसपी अनिमेष नैथानी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया. उनके साथ एसडीओ बैद्यनाथ उरांव, एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी, डीएसपी जेपी एन चौधरी, कुमार गौरव, इंस्पेक्टर दिनेश महली सहित मधुसुदन मोदक भी थे. डीसी व एसपी के द्वारा पुराने समाहरणालय भवन परिसर में पुलिस बल व दंडाधिकारियों को रामनवमी जुलूस शांतिपूर्वक निकलवाने को लेकर दिशा-निर्देश दिया. बताया कि निर्धारित रूट से ही जुलूस निकाला लायेगा. इस दौरान उपद्रव मचानेवालों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी. कहीं से भी शराराती तत्व दिखें तो तुरंत वरीय पदाधिकारी को सूचना दें. इधर, गोड्डा ग्रामीण क्षेत्र में भी मुफस्सिल थाना सहित मोतिया ओपी की पुलिस के द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया. गोड्डा मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सरौनी, रानीडिह, गायछांद सहित कई जगहों पर पुलिस के द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया. थाना प्रभारी आनंद साहा, योगेश यादव ने शांति व सौहार्द कायम रखने की अपील लोगों से की. इसके अलावा सुंदरपहाड़ी के घटियारी आदि क्षेत्र में भी रामनवमी को लेकर सुंदरपहाड़ी थाना प्रभारी व उनकी टीम ने पैदल मार्च किया. शांतिपूर्वक जुलूस निकालने की अपील की.
जुलूस में हथियार के प्रदर्शन पर रहेगी रोक : बीडीओबसंतराय. प्रखंड मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में रामनवमी को लेकर बीडीओ श्रीमान मरांडी, पुलिस इंस्पेक्टर विष्णुदेव चौधरी एवं थाना प्रभारी मनीष यादव के नेतृत्व में जवानों ने पैदल फ्लैग मार्च किया. बीडीओ ने कहा कि पुलिस प्रशासन की सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर है. जुलूस में डीजे के साथ-साथ हथियार के प्रदर्शन पर भी रोक लगायी गयी है. अगर कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार का डीजे बजाता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. फ्लैग मार्च में एसआई प्रेम मोहन झा, एस आई दया शंकर पाण्डेय, ए एसआई विजय शर्मा आदि थे.रामनवमी को लेकर एसपी ने किया बेलसर गांव का दौरा
पथरगामा. रामनवमी को लेकर विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर गोड्डा एसपी अनिमेष नैथानी ने पथरगामा थाना क्षेत्र का दौरा किया. थाना प्रभारी मनोहर कुमार दलबल के साथ मौजूद थे. बेलसर गांव पहुंचकर ग्रामीणों से विधि व्यवस्था संधारण को लेकर बातचीत की. कहा कि शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने में सभी का सहयोग जरूरी है. सौहार्द बिगाड़नेवालों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी. एसपी ने रामनवमी जुलूस को लेकर पथरगामा पुलिस को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. बताया कि रामनवमी जुलूस के साथ पुलिस पदाधिकारी के अलावा जवान साथ में रहेंगे. थाने की गश्ती वाहन भी साथ चलेगा.शांति भंग करनेवाले भेजे जायेंगे जेल : थाना प्रभारी
पोड़ैयाहाट/बोआरीजोर. रामनवमी को लेकर पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के विभिन्न गांव में पुलिस के द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया. इसका नेतृत्व थाना प्रभारी विनय यादव ने किया. उन्होंने बताया की रामनवमी जूलू शांतिपूर्वक निकालें. असामाजिक तत्वों पर पुलिस की नजर है. इस दौरान पुलिस अधिकारी मुकेश कुमार, पप्पू कुमार, सम्मुख राम, डोमन राम , रमेश कुमार मौजूद थे. इधर, बोआरीजोर में राजाभीठा थाना अंतर्गत राजाभीठा, केरो बाजार, कुशबिल्ला आदि गांव में थाना प्रभारी अशोक कुमार के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकालकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया. थाना प्रभारी ने कहा कि रामनवमी का पर्व शांतिपूर्वक एवं भाईचारा के माहौल में मनायें. शांति भंग करनेवाले को सलाखों के पीछे भेज दिया जायेगा.
हनवारा में एसडीपीओ के नेतृत्व में निकाला गया फ्लैग मार्च
हनवारा. हनवारा थाना क्षेत्र में एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया. इसमें हनवारा थाना प्रभारी व उनकी टीम शामिल थी. हनवारा थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया गया. सबों से रामनवमी में शांतिपूर्ण तरीके से जुलूस निकाले जाने को कहा गया. बताया कि सोशल मीडिया पर अफवाह आदि नहीं फैलायें. इससे तनाव उत्पन्न होता है.पथरगामा बाजार व ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस ने किया मार्च
पथरगामा. पुलिस प्रशासन के निर्देशानुसार पथरगामा पुलिस प्रशासन ने शनिवार को रामनवमी को लेकर पथरगामा में फ्लैग मार्च निकाला. पथरगामा बाजार का भ्रमण करने के बाद थाना क्षेत्र चौरा, बेलसर, कोरका , चरका घाट, चिलरा, लतौना आदि गांव का भ्रमण किया. थाना प्रभारी मनोहर कुमार ने बताया कि रामनवमी पर्व पर शांति व सुरक्षा के मद्देनजर फ्लैग मार्च निकाला गया. जुलूस के दौरान सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहेगा. कमेटी सदस्यों को गाइडलाइन के अनुसार ही जुलूस निकालना होगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
